Alpha movie teaser: यशराज फिल्म्स (YRF) के मशहूर स्पाई यूनिवर्स की अगली कढ़ी ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। अब इस फिल्म से जुड़ा एक ऐसा बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस के उत्साह को दोगुना कर दिया है। फिल्म इंडस्ट्री के भीतर से आ रही ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स आगामी 10 जून को फिल्म का पहला आधिकारिक टीजर रिलीज करने जा रहे हैं। इस फिल्म में आलिया भट्ट पहली बार किसी बड़े बजट की जासूसी थ्रिलर में फुल-ऑन एक्शन और स्टंट करती नजर आएंगी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर अभी से कयासों का दौर शुरू हो चुका है।
बचपन से एजेंट बनने की दास्तान दिखाएगा टीजर, मेकर्स ने बनाया सीक्रेट प्लान
फिल्म के टीजर को लेकर जो शुरुआती जानकारियां छनकर बाहर आ रही हैं, उनके मुताबिक इसकी कहानी बेहद डार्क और ग्रिपिंग होने वाली है। 10 जून को रिलीज होने वाले इस टीजर में मुख्य रूप से एक ऐसी लड़की की बैकस्टोरी दिखाई जाएगी, जिसे बचपन से ही दुनिया का सबसे खतरनाक और ताकतवर सीक्रेट एजेंट बनने के लिए तैयार किया गया है।
आदित्य चोपड़ा और उनकी क्रिएटिव टीम ने इस टीजर के बाद फिल्म के बड़े पैमाने पर प्रमोशन के लिए एक बेहद खास और आक्रामक रणनीति तैयार की है। यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि ‘एक था टाइगर’, ‘वॉर’ और ‘पठान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की विरासत को अब आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की यह जोड़ी आगे बढ़ाएगी।
“लोग बिना वजह बातें बना लेते हैं..” आलिया संग विवाद पर बोले बॉबी देओल
पिछले कुछ दिनों से गॉसिप गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर थी कि ‘अल्फा’ के सेट पर शूटिंग के दौरान आलिया भट्ट और बॉबी देओल के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। इस विवाद पर पहली बार खुद बॉबी देओल ने खुलकर बात की है और अफवाहों की हवा निकाल दी है।
अपनी आगामी फिल्म ‘बंदर’ के प्रमोशन के दौरान दिए एक इंटरव्यू में बॉबी देओल ने हंसते हुए कहा, “ये सारी बातें पूरी तरह से बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं।” बॉबी ने बताया कि जब उनके एक दोस्त ने इस विवाद का स्क्रीनशॉट उन्हें भेजा तो वह खुद अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने साफ किया कि इंडस्ट्री में लोग बिना किसी ठोस वजह के कहानियां गढ़ लेते हैं और उनके और आलिया के बीच बेहतरीन बॉन्डिंग है।
बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचने की तैयारी
‘अल्फा’ के जरिए यशराज फिल्म्स अपनी फीमेल-लेड स्पाई यूनिवर्स को एक नए मुकाम पर ले जाने की तैयारी में है। फिल्म में वीएफएक्स और एक्शन सीक्वेंसेज को इंटरनेशनल लेवल का रखने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है। विलेन के रूप में बॉबी देओल की मौजूदगी ने इस टकराव को और ज्यादा रोमांचक बना दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘लॉर्ड बॉबी’ और आलिया भट्ट की यह ऑन-स्क्रीन टक्कर सिनेमाघरों में क्या कमाल दिखाती है, लेकिन फिलहाल नजरें 10 जून को आने वाले टीजर पर टिकी हैं।

