Amaal Mallik Music: अमाल मलिक का म्यूजिक सीक्रेट, जानिए क्यों कुछ गाने सालों बाद अचानक बन जाते हैं सुपरहिट
अमाल मलिक का म्यूजिक सीक्रेट, जानिए क्यों कुछ गाने सालों बाद अचानक बन जाते हैं सुपरहिट
Amaal Mallik Music: म्यूजिक इंडस्ट्री में अक्सर देखा जाता है कि कई गाने रिलीज के समय तो बेहद शांत रहते हैं, लेकिन सालों बाद अचानक सोशल मीडिया या रील्स पर ट्रेंड होकर चार्टबस्टर बन जाते हैं। वहीं कुछ धुनें रातों-रात हर किसी की जुबान पर चढ़ जाती हैं। आखिर संगीत की दुनिया का यह खेल कैसे काम करता है? इस सवाल का बेहद व्यावहारिक जवाब दिया है जाने-माने संगीतकार अमाल मलिक ने। इमरान हाशमी की आने वाली बहुचर्चित फिल्म ‘आवारापन 2’ के नए ट्रैक ‘ये आवारापन’ के प्रमोशन के दौरान अमाल ने गानों की सफलता, फ्लॉप होने के दर्द और आज के दौर में म्यूजिक मार्केटिंग के दौर पर खुलकर चर्चा की।
भारत में संगीत सिर्फ ‘ऑडियो’ नहीं ‘विजुअल मीडियम’ भी है
मुंबई के बीकेसी में एक साक्षात्कार के दौरान अमाल ने बताया कि उनके करियर में कई ऐसे गाने रहे हैं, जिनका सफर काफी मुश्किलों भरा रहा। उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि हर गाने की अपनी एक अलग किस्मत और सही टाइमलाइन होती है। यह उस वक्त के माहौल, लोगों के मूड और आपकी टीम की एनर्जी पर निर्भर करता है।” अमाल के मुताबिक, भारत में संगीत सिर्फ कानों से सुनने की चीज नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से एक ‘विजुअल मीडियम’ (दृश्य माध्यम) बन चुका है। लोग पहले गाना देखते हैं, फिर उसे सुनते हैं। ऐसे में यह बेहद मायने रखता है कि गाना किस बड़े स्टार या चेहरे पर फिल्माया गया है और उसे पर्दे पर किस तरह से दिखाया गया है।
100 मिलियन व्यूज और रील्स का दौर: पोजिशनिंग सबसे अहम
आज के डिजिटल दौर पर बात करते हुए अमाल ने स्वीकार किया कि केवल एक अच्छा गाना बना देना ही कामयाबी की गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा, “आज के समय में कंटेंट का अंबार है। लोग तुरंत 100 मिलियन व्यूज या लाखों रील्स की उम्मीद करते हैं, जो हर गाने के साथ मुमकिन नहीं है। कुछ गाने रील्स पर धमाल मचाते हैं, कुछ स्ट्रीमिंग ऐप्स पर धीरे-धीरे अपनी जगह बनाते हैं, तो कुछ सारे नियम तोड़कर ब्लॉकबस्टर बन जाते हैं।” उनके अनुसार, आज के समय में मार्केटिंग की ताकत, सही पोजिशनिंग और दर्शकों के दिमाग को समझना बहुत जरूरी हो गया है।
जब गाना नहीं चलता तो क्या करते हैं अमाल?
गानों के उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न करने पर अमाल ने एक कलाकार के मन का हाल भी साझा किया। उन्होंने कहा कि जब कोई गाना, जिसे बनाने में उन्होंने पूरी जी-जान लगाई हो, नहीं चलता तो दो दिनों तक बहुत बुरा लगता है। इंसान कारणों को ढूंढने की कोशिश में उलझ जाता है। लेकिन अमाल का मानना है कि असफलता के दौर में ज्यादा सोचने से आप आगे नहीं बढ़ सकते। इसलिए वह दो दिन के ब्रेक के बाद तुरंत अपने अगले प्रोजेक्ट और नई धुन पर काम करना शुरू कर देते हैं, क्योंकि आखिर में काम ही आपको आगे ले जाता है।
यह भी पढ़ें– थिएटर के बाद अब OTT पर दिखेगा कंगना रनौत का जलवा: 14 अगस्त को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी ‘भारत भाग्य विधाता’
