Ambala Accident: अंबाला में मरीज छोड़कर लौट रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी, यमुनानगर के चालक की मौत

अंबाला में मरीज छोड़कर लौट रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी, यमुनानगर के चालक की मौत
Ambala Accident: अंबाला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के एक एंबुलेंस चालक की दर्दनाक मौत हो गई। पीजीआई चंडीगढ़ में मरीज को सुरक्षित पहुंचाकर वापस यमुनानगर लौट रही सरकारी एंबुलेंस मुलाना के पास मारकंडा पुल के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक गाड़ी के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पीजीआई चंडीगढ़ में मरीज छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक चालक की पहचान यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मलिकपुर खादर निवासी 50 वर्षीय गुलफाम (गुलफान) के रूप में हुई है। गुलफाम यमुनानगर के नागरिक अस्पताल में बतौर सरकारी एंबुलेंस चालक तैनात थे और चार बच्चों के पिता थे। मृतक के बेटे गुफरान के अनुसार, 15 अगस्त की रात उनके पिता की नाइट ड्यूटी थी। वह एंबुलेंस में एक गंभीर मरीज को लेकर पीजीआई चंडीगढ़ गए थे। मरीज को PGI में दाखिल कराने के बाद वह देर रात अकेले ही यमुनानगर वापस लौट रहे थे।
हेमा माजरा मोड़ के पास काल बना हाईवे पर खड़ा ट्रक
रात करीब एक बजे जैसे ही एंबुलेंस मुलाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हेमा माजरा मोड़ के पास पहुंची, अचानक सड़क किनारे खड़े भारत पेट्रोलियम के सिलेंडरों से भरे एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रक चालक ने अपने वाहन को बिना किसी रिफ्लेक्टर, पार्किंग लाइट या चेतावनी संकेत के बेहद लापरवाही से हाईवे पर खड़ा कर रखा था। अंधेरे के कारण एंबुलेंस चालक को खड़ा ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया और यह भीषण हादसा हो गया।
परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही मुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद राहगीरों की मदद से लहूलुहान गुलफाम को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत महर्षि मार्कंडेश्वर (एमएमU) मेडिकल कॉलेज मुलाना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतक के बेटे गुफरान के बयानों के आधार पर पुलिस ने लापरवाही से ट्रक खड़ा करने वाले अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
