Ambala Jan Sunwai Anil Vij: अंबाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई हमेशा की तरह तीखे तेवरों और तत्काल लिए गए फैसलों की गवाह बनी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने जनता की समस्याएं सुनते ही लापरवाह अधिकारियों और मनमानी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। इस दौरान बिजली विभाग से लेकर नगर परिषद और पुलिस प्रशासन से जुड़े कई मामलों पर कड़े फैसले लिए गए, जिससे महकमों में हड़कंप मच गया है।
जग्गी सिटी सेंटर में अवैध कनेक्शन पर भड़के ऊर्जा मंत्री
जनसुनवाई के दौरान एक स्थानीय नागरिक ने शिकायत दर्ज कराई कि अंबाला शहर के जग्गी सिटी सेंटर इलाके में बिजली विभाग के एक्सईएन हरीश गोयल की शह पर एलटी कनेक्शन का गलत इस्तेमाल हो रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस बिजली कनेक्शन पर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं, वहीं ट्रैक्टर-ट्राली और बच्चों के झूले तक संचालित किए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए मंत्री विज ने जब बिजली निगम के अधिकारियों से जवाब तलब किया, तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए ऊर्जा मंत्री ने एक्सईएन हरीश गोयल को तुरंत अंबाला से स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए। साथ ही, मामले में ढिलाई बरतने वाले इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को भी फोन पर कड़ी फटकार लगाई।
मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन, स्कूल के खिलाफ जांच के आदेश
सुंदर नगर निवासी एक महिला ने ‘ब्राइड पब्लिक स्कूल’ (गांव बाड़ा) के खिलाफ सनसनीखेज शिकायत दी। महिला का आरोप था कि स्कूल के पास केवल आठवीं कक्षा तक की मान्यता है, लेकिन इसके बावजूद नौवीं और दसवीं के बच्चों को दाखिला देकर उनकी फीस वसूली जा रही है, जिससे मासूमों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और उनके दो साल बर्बाद हो रहे हैं।
शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मंत्री विज ने एसडीएम को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाकर इस पूरे मामले की गहन जांच की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्कूल प्रबंधन दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर ठगी और आपराधिक मामलों में पुलिस को कड़े निर्देश
जनसुनवाई में वित्तीय धोखाधड़ी के मामले भी प्रमुखता से उठे। अंबाला शहर के एक पीड़ित ने 9 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दी, जिस पर मंत्री ने एसपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, मिलाप नगर के एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि इंटरनेट पर सर्च के दौरान एक फर्जी लिंक के जरिए उसके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार से अधिक की रकम उड़ गई।
इसके अलावा, बोह इलाके की एक महिला ने अपने पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। महिला का आरोप था कि उसके पति की हत्या की गई है, जिसे पुलिस सामान्य मौत बता रही है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में पुलिस को नए सिरे से जांच करने और दोषियों को बेनकाब करने के निर्देश दिए।
वार्ड विकास कार्यों में ढिलाई पर ठेकेदार ब्लैकलिस्ट
नगर परिषद के कामकाज की समीक्षा करते हुए मंत्री विज ने वार्ड नंबर 27 में विकास कार्य ठप होने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित ठेकेदार को तुरंत नोटिस जारी कर ब्लैकलिस्ट किया जाए और यदि वह काम पूरा नहीं करता है तो फौरन री-टेंडर निकाला जाए।
उन्होंने एक्सईएन को हिदायत दी कि भविष्य में किसी भी ठेकेदार को काम सौंपने से पहले उसकी वित्तीय क्षमता और पृष्ठभूमि की अच्छी तरह जांच कर ली जाए। बैठक के अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि अंबाला छावनी के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर और कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

