Ambala news: शुभम, साहा। अंबाला जिले के साहा थाना अंतर्गत आने वाले बिहटा गांव में बुजुर्गों के मान-सम्मान और सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ डाकघर से अपनी वृद्धावस्था पेंशन के पैसे लेकर घर लौट रही 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कुछ दबंग युवकों ने निशाना बनाया और उनके हाथ से 3,200 रुपये की पूरी नकदी झपटकर फरार होने की कोशिश की। दिनदहाड़े हुई इस शर्मनाक घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद सतर्क ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को धर दबोचा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के सहयोग से मिले सुराग के आधार पर साहा थाना पुलिस ने अपनी तफ्तीश का दायरा बढ़ाया और इस वारदात में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी शिनाख्त कर ली। पुलिस टीम ने दबिश देकर कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से बुजुर्ग महिला से छीनी गई पूरी पेंशन राशि (3,200 रुपये) भी बरामद कर ली गई है।
गांव में निकाला गया आरोपियों का जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को सबक सिखाने और क्षेत्र में कानून का खौफ कायम करने के लिए उन्हें संबंधित गांव बिहटा में घुमाया। बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस लूटपाट की घटना से पूरे इलाके में गुस्सा था, ऐसे में पुलिस द्वारा आरोपियों को सार्वजनिक तौर पर घुमाए जाने की इस कार्रवाई की ग्रामीण सराहना कर रहे हैं।
साहा थाना प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई रोहित के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बुजुर्गों की सुरक्षा और उनकी पेंशन के पैसों की हिफाजत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें– अंबाला में नग्गल SHO पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, लंगड़ाते हुए पहुंचे वारदात की निशानदेही करने

