Ambala Road Accident: अंबाला के मोहड़ा इलाके में रविवार सुबह उस वक्त मातम छा गया जब सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। हादसे में जान गंवाने वाला मजदूर अजीत कुमार उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का रहने वाला था और पिछले करीब तीन महीनों से अंबाला में रहकर मजदूरी कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीछे हटते डंपर ने ली जान, चचेरे भाई के सामने हुआ हादसा
घटना रविवार सुबह करीब 9:05 बजे की है। मोहड़ा के पास SRSC इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा था। काम के सिलसिले में निर्माण स्थल पर कई डंपर मिट्टी उठाने और गिराने के काम में लगे हुए थे। मृतक के चचेरे भाई नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह और अजीत दोनों साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान बलिराम नाम का चालक अपने डंपर को तेजी से पीछे की तरफ ले जाने लगा। अजीत जब तक संभल पाता, तब तक डंपर की चपेट में आ चुका था।
परिवार का इकलौता सहारा था अजीत, घर में छाया मातम
अजीत कुमार की असामयिक मौत ने फतेहपुर स्थित उसके गांव में परिवार को झकझोर कर रख दिया है। चार बहनों और दो भाइयों में अजीत सबसे बड़ा था और अभी अविवाहित था। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। पूरे घर के गुजर-बसर और आर्थिक जरूरतों का पूरा जिम्मा अजीत के ही कंधों पर था, जिसके लिए वह तीन महीने पहले अंबाला आया था। घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य की यूं अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, चालक के खिलाफ कानूनी शिकंजा
हादसे के बाद पुलिस ने चचेरे भाई नरेंद्र कुमार की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी डंपर चालक बलिराम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना पड़ाव, अंबाला कैंट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच हेड कांस्टेबल परमोद कुमार को सौंपी गई है और दुर्घटना के कारणों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में झमाझम बारिश से लुढ़का पारा

