Amritsar Nihang Viral Video : अमृतसर से एक बार फिर कानून को अपने हाथ में लेने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दशमेश तरना दल से जुड़े निहंगों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महज बीस सेकंड के इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ निहंग एक युवक के दोनों हाथ मजबूती से पकड़े हुए हैं, जबकि उनके साथी उसे डंडों और थप्पड़ों से पीट रहे हैं। इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, बाबा गुरदीप सिंह ने किया दावा
यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब मारपीट का यह वीडियो दशमेश तरना दल के निहंग बाबा गुरदीप सिंह के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड किया गया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दो निहंगों ने युवक की दोनों बाहें जकड़ रखी हैं, जबकि तीसरा शख्स उसे लगातार डंडे से पीट रहा है। मार-पीट के दौरान युवक की चीखें भी सुनाई दे रही हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद जब मीडिया ने पड़ताल की, तो बाबा गुरदीप सिंह ने कैमरे के सामने स्वीकार किया कि यह कार्रवाई उन्होंने और उनके साथियों ने ही की है।
नशा बेचने की मिली थी गुप्त सूचना, गांव का नाम बताने से इनकार
निहंग बाबा गुरदीप सिंह का तर्क है कि उनके पास इस बात की पुख्ता और गुप्त सूचना थी कि उक्त युवक इलाके में धड़ल्ले से नशा बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है। उनके मुताबिक, अमृतसर के ही किसी ग्रामीण इलाके के एक शख्स ने उन्हें यह जानकारी दी थी, जिसके आधार पर उन्होंने यह कदम उठाया।
हालांकि, जब उनसे यह पूछा गया कि यह घटना किस गांव की है, तो उन्होंने सुरक्षा और गोपनीयता का हवाला देते हुए गांव का नाम बताने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें कई मामलों में अंदरूनी जानकारियां मिलती हैं, इसलिए वे अपने सूत्रों और सूचना देने वाले की पहचान उजागर नहीं कर सकते। इस वीडियो को चार अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था।
दशमेश तरना दल का नशामुक्ति अभियान और सख्त चेतावनी
एक तरफ जहां इस मारपीट के तरीके को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बाबा गुरदीप सिंह का कहना है कि दशमेश तरना दल के मौजूदा मुखी बाबा मेजर सिंह सोढ़ी के नेतृत्व में वे लगातार नशे के खिलाफ एक मुहिम चला रहे हैं। उनका दावा है कि संगठन के लोग गांव-गांव जाकर सिख संगत को जागरूक कर रहे हैं और जो लोग नशे के दलदल में धंस चुके हैं, उन्हें सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी है कि नशे का कारोबार करने वालों का अंत मौत है, और जो लोग कानून या पुलिस के डर से नहीं सुधरते, उन्हें तरना दल अपने तरीके से सीधा करेगा।
Chandigarh Couple Suicide : चंडीगढ़ में ट्रेन के आगे कूदकर युवक-युवती ने की आत्महत्या

