Amritsar police illegal weapons opium seizure : पंजाब में संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के बीच अमृतसर ग्रामीण पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाके में कार्रवाई करते हुए हथियारों और नशीले पदार्थों के दो बड़े नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार शातिर आरोपियों को धर दबोचा है, जिनके पास से आधुनिक हथियारों का जखीरा और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई है।
शनिवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इस सफलता की जानकारी साझा की। शुरुआती जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे काफी चौंकाने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के तार सरहद पार यानी विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े हुए हैं। ये लोग पंजाब और आसपास के इलाकों में अवैध हथियारों की बड़ी खेप खपाने और नशीले पदार्थों की तस्करी के काले कारोबार में लंबे समय से सक्रिय बताए जा रहे हैं।
भारी मात्रा में हथियार और अफीम बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जो सामान बरामद किया है, उसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। इनके पास से कुल 15 किलो अफीम के अलावा एक बेहद खतरनाक अमेरिकी असॉल्ट राइफल एम-16 (M-16), 9 अवैध पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आधुनिक हथियारों का इस तरह मिलना यह साफ इशारा करता है कि ये तस्कर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
घरिंडा और लोपोके थानों में मामले दर्ज
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर के घरिंडा और लोपोके थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स (पिछले और आगे के संपर्कों) को खंगालने में जुटी है। जांच अधिकारियों का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि यह हथियार सीमा पार से किस रास्ते आए और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से चेहरे छिपे हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया है कि पंजाब पुलिस राज्य में अमन-कानून को बनाए रखने और आपराधिक एवं आतंकवादी तत्वों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस को पूरी उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इन आरोपियों से पूछताछ में कई और बड़े खुलासे होंगे, जिससे इस अवैध नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
Gurdaspur Dinanagar Road Accident : दीनानगर के पास पेड़ से टकराई कार में लगी आग, चालक की मौत

