Ateli Mandi News: खंड सिहमा की ग्राम पंचायत दुबलाना स्थित राजकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता संगठन की ओर से जल जागरूकता एवं जल गुणवत्ता विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अध्यापक हरपाल सिंह ने की।
इस मौके पर खंड संसाधन संयोजक धर्मेंद्र ने विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन और शुद्ध पेयजल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूषित पानी के सेवन से हैजा और डायरिया जैसी गंभीर बीमारियां फैलती हैं। इनसे बचाव के लिए नलों पर टोंटी लगाना और नल कनेक्शन को गंदे पानी की नालियों से दूर रखना बेहद जरूरी है, ताकि कोई हानिकारक जीवाणु पानी में प्रवेश न कर सके।
कार्यक्रम के दौरान पेयजल के नमूनों की जांच भी की गई। इसमें पानी के टीडीएस, पीएच मान और रेजिड्यूअल क्लोरीन का परीक्षण किया गया। साथ ही पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-180-5678 के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षकों और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। अंत में मुख्य अध्यापक हरपाल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
यह भी देखें – ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारों के साथ नारनौल में सड़कों पर उतरी कांग्रेस

