Baljeet Kaur Asian Games Gold : तरनतारन जिले के छोटे से गांव कक्का कंडियाला की बेटी बलजीत कौर ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर पूरे देश और प्रदेश का सिर फक्र से ऊंचा कर दिया है। चीन के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस खिताबी जीत में डिफेंस और मिडफील्ड में कमाल का खेल दिखाने वाली बलजीत कौर की भूमिका बेहद अहम रही। इस गौरवपूर्ण सफलता के बाद से ही उनके पैतृक गांव समेत पूरे तरनतारन क्षेत्र में जश्न का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
एशियाई खेलों में स्वर्णिम सफलता और चीन पर शानदार विजय
चीन की जमीन पर भारतीय महिला हॉकी टीम का यह प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। कड़े मुकाबले में टीम ने अनुशासित खेल दिखाते हुए मेजबान चीन को 1-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने एशियाई खेलों के मंच पर अपनी सर्वोच्चता साबित कर दी है।
मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों का जोश और रणनीति देखने लायक थी, जिसमें तरनतारन की बेटी बलजीत कौर ने शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से देश भर के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पंजाब सरकार की तरफ से मिलेगा एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार
बेटी की इस असाधारण उपलब्धि पर राज्य सरकार भी खुलकर सामने आई है। पंजाब सरकार की खेल नीति के तहत बलजीत कौर को एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। हल्का इंचार्ज जस्सा पट्टी ने इस बात की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनके हौसलों को पंख देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि बलजीत कौर ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि अगर सही दिशा में मौका मिले, तो हमारे गांवों की बेटियां दुनिया में देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
गांव कक्का कंडियाला में जश्न, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
बलजीत कौर की इस सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव कक्का कंडियाला और आसपास के इलाकों में दीवाली जैसा माहौल बन गया। स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली बलजीत का एशियाई खेलों तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन उनकी कड़ी मेहनत ने आज उन्हें देश की शीर्ष खिलाड़ियों की फेरहिस्त में ला खड़ा किया है। यह जीत आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं और खासकर बेटियों को खेलों की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बनेगी।

