Bathinda Chitta Sting : अकाली दल ने चिट्टा सप्लाई का स्टिंग वीडियो जारी कर पंजाब सरकार को घेरा

अकाली दल ने चिट्टा सप्लाई का स्टिंग वीडियो जारी कर पंजाब सरकार को घेरा
Bathinda Chitta Sting : पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से नशामुक्ति को लेकर चलाए जा रहे अभियानों के बीच शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक कथित स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो जारी कर सरकार के दावों की हवा निकाल दी है। रविवार को अकाली दल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर 3.12 मिनट की एक वीडियो क्लिप शेयर की। पार्टी का दावा है कि बठिंडा जिले के संगत कलां गांव में एक महिला खुलेआम महज 600 रुपये में ‘चिट्टा’ (हेरोइन) बेचती कैमरे में कैद हुई है।
अकाली दल का मान सरकार पर करारा हमला
वीडियो साझा करते हुए शिरोमणि अकाली दल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पिज्जा 30 मिनट में आता है और ब्लिंकिट 10 मिनट में, लेकिन पंजाब में ‘चिट्टा’ दो मिनट से भी कम समय में डिलीवर हो रहा है।” पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार कागजी आंकड़े पेश करने के बजाय गांव-गांव में नशा बेचने वालों पर हुई ठोस कार्रवाई का हिसाब दे। यह वीडियो ऐसे वक्त में सामने आया है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद बठिंडा जिले के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले ने तूल पकड़ा तो स्थानीय पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई। संगत पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि यह वीडियो शुक्रवार का है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है और गग्गू नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 3 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। हालांकि एसएचओ ने यह भी दावा किया कि संगत इलाका नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए कोई ‘हॉटस्पॉट’ क्षेत्र नहीं है और पुलिस नशे के खिलाफ लगातार मुस्तैद है।
