Atar Singh Bhadana death: राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की संदिग्ध हालात में हुई मौत से सियासी गलियारों और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव स्थित अपने क्रेशर खनन लीज प्लांट पर पहुंचे थे।
वहां प्लांट के रास्ते और जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें वैर उप जिला अस्पताल और फिर जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार रात करीब 11:30 बजे उपचार के दौरान उनकी सांसें थम गईं।
पत्नी के गंभीर आरोप और प्लांट पर हुआ खूनी टकराव
मृतक नेता की पत्नी कमलेश ने इस पूरी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, अतर सिंह रविवार शाम करीब 6:30 बजे अपने प्लांट पर गए थे, जहां पहले से घात लगाए बैठे 70 से 80 लोगों ने उन पर और उनके सहयोगियों पर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से अंधाधुंध हमला बोल दिया।
इस हमले में उनके साथ मौजूद गगन शर्मा भी बुरी तरह घायल हो गए जिन्हें भरतपुर रेफर किया गया है। पत्नी ने पूर्व विधायक को गोली लगने का भी दावा किया है, हालांकि वैर अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में गोली लगने की बात से इनकार किया है। परिवार का यह भी आरोप है कि प्लांट की बिजली और पानी की लाइनें पहले ही खराब कर दी गई थीं और उन्होंने लगातार प्रशासन को धमकियों की सूचना दी थी, लेकिन कोई सुरक्षा कदम नहीं उठाया गया।
चार साल पुराना जमीन और रास्ते का विवाद बना जानलेवा
पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, भौंड़ा गांव में स्थित इस क्रेशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों और पूर्व विधायक के बीच पिछले लगभग चार साल से ठनी हुई थी। ग्रामीणों का कड़ा आरोप था कि अतर सिंह ने चारागाह की जमीन पर कब्जा कर रखा है और वहां अवैध खनन किया जा रहा है, साथ ही लीज तक आने-जाने वाले रास्ते को लेकर भी भारी नाराजगी थी।
पिछले दो सालों से ग्रामीण बीच-बीच में धरने-प्रदर्शन कर रहे थे और पिछले एक साल से प्लांट पूरी तरह बंद पड़ा था। रविवार शाम जब पूर्व विधायक प्लांट को दोबारा चालू करवाने की नीयत से वहां पहुंचे, तो स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसने इस बड़ी त्रासदी का रूप ले लिया।
पुलिस जांच और गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
वैर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे नियंत्रित करने के लिए भरतपुर से अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत मौके पर बुलाकर तैनात कर दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक मामला दर्ज नहीं कराया गया है, लेकिन पुलिस फायरिंग के दावों, क्रेशर प्लांट के विवाद और संघर्ष की पूरी कड़ियों को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके।
यह भी पढ़ें–Faridabad News: पल्ला इलाके में चलती ब्रेजा कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

