August 27, 2026

Breaking: कानपुर में उड़ान भरने के 20 मिनट बाद विमान क्रैश, 100 फीट ऊपर डगमगाने के बाद पेड़ों से टकराया, पायलट-ट्रेनी की मौत

0
Breaking: कानपुर में उड़ान भरने के 20 मिनट बाद विमान क्रैश, 100 फीट ऊपर डगमगाने के बाद पेड़ों से टकराया, पायलट-ट्रेनी की मौत

कानपुर में उड़ान भरने के 20 मिनट बाद विमान क्रैश

Breaking: कानपुर में गुरुवार सुबह ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान बड़ा विमान हादसा हो गया। चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरने वाला चार-सीटर टेक्नम विमान करीब 20 मिनट बाद नत्थापुरवा गांव के पास क्रैश हो गया। हादसा गंगा बैराज के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक विमान उस समय करीब 100 फीट की ऊंचाई पर था, तभी वह हवा में डगमगाने लगा। संतुलन बिगड़ने के बाद विमान पेड़ों से टकराया और नीचे जा गिरा, जिसके बाद तेज धमाका हुआ।

हादसे में विमान उड़ा रहे इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम करीब 12:15 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मलबे में तब्दील हुआ विमान

हादसे के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सामने आए घटना से जुड़े वीडियो में विमान का मलबा दिखाई दे रहा है। एक पायलट कॉकपिट के पास फंसा हुआ नजर आया, जबकि दूसरा व्यक्ति विमान से कुछ दूरी पर गंभीर हालत में पड़ा था। विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर पड़ी मिली।

 

पुलिस कमिश्नर ने बताया पूरा घटनाक्रम

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि टेक्नम कंपनी के चार-सीटर विमान ने गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह 11:30 बजे उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद 39 किलोमीटर दूर नत्थापुरवा गांव में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि विमान में गुजरात के इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक के ट्रेनी अभिषेक पुजारी सवार थे। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक इंस्ट्रक्टर के पास करीब 3000 घंटे की फ्लाइंग का अनुभव था।

 

2023 में ट्रेनिंग के लिए लाया गया था विमान

पुलिस के मुताबिक यह टेक्नम विमान था और उपलब्ध जानकारी के अनुसार इसे 2023 में ट्रेनिंग के लिए लाया गया था। हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि हादसे की जानकारी DGCA को दे दी गई है। अब DGCA की टीम दुर्घटना के तकनीकी कारणों की जांच करेगी और विमान से जुड़ी आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

 

हादसे की वजह अभी साफ नहीं

विमान के क्रैश होने की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी में विमान के हवा में असंतुलित होने और पेड़ों से टकराने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। DGCA की जांच इस बात पर भी फोकस करेगी कि उड़ान के दौरान विमान में कोई तकनीकी समस्या आई थी या हादसा किसी अन्य वजह से हुआ। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जांच का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed