Chandigarh chemist raid: चंडीगढ़ में 3 केमिस्ट दुकानों पर रेड, प्रेगाबालिन-ट्रामाडोल और कोडीन वाली दवाएं जब्त
चंडीगढ़ में 3 केमिस्ट दुकानों पर रेड,
Chandigarh chemist raid: चंडीगढ़ में नशे के लिए गलत इस्तेमाल की आशंका वाली दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड की जांच को लेकर ड्रग कंट्रोल विंग ने तीन केमिस्ट दुकानों पर कार्रवाई की है। सेक्टर-40, सेक्टर-41 और सेक्टर-23सी में हुई जांच के दौरान टीम ने प्रेगाबालिन, ट्रामाडोल और कोडीन वाली दवाओं की खेप जब्त की। यह अभियान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत चलाया गया। चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव के निर्देश और स्वास्थ्य सचिव तथा डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज-कम-ड्रग्स कंट्रोलर की निगरानी में ड्रग कंट्रोल विंग ने यह कार्रवाई की।
रात करीब 10 बजे ड्रग इंस्पेक्टर तजिंदर सिंह और अमित लखनपाल की टीम ने सेक्टर-40 स्थित साई मेडिकल एजेंसी की जांच की। यहां प्रेगाबालिन वाली पांच तरह की एलोपैथिक दवाएं मिलीं, जिनके कुल 820 कैप्सूल जब्त किए गए। विभाग के अनुसार इन दवाओं का गलत इस्तेमाल किए जाने की आशंका रहती है। जांच के दौरान दुकान संचालक जब्त दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड टीम के सामने पेश नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने दवाओं को कब्जे में ले लिया, जिनकी कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है।
ड्रग कंट्रोल विंग ने सेक्टर-41 स्थित सूद मेडिकल स्टोर की भी जांच की। यहां ट्रामाडोल और कोडीन वाली तीन तरह की एलोपैथिक दवाएं मिलीं। टीम ने 120 कैप्सूल और कफ सिरप की 35 बोतलें जब्त कीं। इन दवाओं की कुल कीमत करीब 27 हजार रुपये बताई गई है। विभाग के मुताबिक, स्टोर संचालक इन दवाओं की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड भी पेश नहीं कर सका।
सेक्टर-23सी में 800 कैप्सूल और 3 सिरप जब्त
रात करीब 10 बजे ड्रग कंट्रोल विंग की टीम ने एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों के साथ सेक्टर-23सी स्थित राय मेडिकोज की जांच की। यहां प्रेगाबालिन और कोडीन फॉस्फेट वाली पांच तरह की एलोपैथिक दवाएं मिलीं। कार्रवाई के दौरान 800 कैप्सूल और कफ सिरप की तीन बोतलें जब्त की गईं। विभाग ने इनकी कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई है। इस दुकान का संचालक भी जब्त दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड टीम को नहीं दिखा सका।
ड्रग कंट्रोलर, यूटी चंडीगढ़ की ओर से तीनों संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। विभाग का फोकस ऐसी दवाओं की बिक्री, उनके स्टॉक और खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच पर है। तीनों दुकानों पर हुई कार्रवाई में कुल 1,740 कैप्सूल और 38 बोतल कफ सिरप जब्त किए गए हैं। जब्त दवाओं की कुल कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है। ड्रग कंट्रोल विंग ने कहा है कि दवाओं के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
