चंडीगढ़: सेक्टर-35 स्थित मार्केट में एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार पंजाब के रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी बलविंदर सिंह और उनके दोस्त समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार बलविंदर सिंह अपने मित्र के साथ सेक्टर-21 से सेक्टर-35 स्थित एक कॉफी शॉप की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मार्केट के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने उन्हें इशारा कर गाड़ी रोकने को कहा। जब उन्होंने कारण पूछा तो उस व्यक्ति ने बताया कि कार के बोनट से धुआं निकल रहा है।
यह सुनते ही उन्होंने तुरंत कार रोक दी और अपने साथी के साथ बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में कार में आग तेज हो गई और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद मार्केट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को घेर लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते कार सवार बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

