चंडीगढ़: मनीमाजरा मोटर मार्केट में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली विभाग के कार्यालय के पास खड़े कई वाहनों में अचानक आग लग गई। आग बूथ नंबर 782 और 783 के सामने खड़ी गाड़ियों में लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया गया। फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक मौके पर खड़े सभी वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
रात 11:27 बजे मिली थी सूचना
फायर ब्रिगेड अधिकारी जीएस घुम्मन ने बताया कि उन्हें रात 11 बजकर 27 मिनट पर सूचना मिली थी कि मनीमाजरा मोटर मार्केट में दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना कर दी गईं। उन्होंने बताया कि आग को आगे फैलने से तो रोक लिया गया, लेकिन वाहन पूरी तरह जल चुके थे। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग स्वाभाविक रूप से लगने की संभावना कम है और किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगाए जाने से इंकार नहीं किया जा सकता।
ऑल्टो, आई-20 और क्रिस्टा पूरी तरह नष्ट
घटना में कई महंगे वाहन आग की चपेट में आ गए। बूथ नंबर 777 पर कार्यरत मैकेनिक रमेश राय ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से रिपेयर के लिए लाई गई ऑल्टो-800 कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। इसके अलावा गुरविंदर सिंह की आई-20 कार और एक क्रिस्टा गाड़ी भी आग में पूरी तरह नष्ट हो गई।
नया ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त
आग की चपेट में अमर ट्रक बॉडी वर्कर्स के पास खड़ा एक नया ट्रक भी आ गया, जो नई बॉडी बनवाने के लिए खड़ा था। ट्रक का डैशबोर्ड, टायर और अन्य उपकरण जलकर खराब हो गए। इससे ट्रक मालिक को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगजनी के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

