चंडीगढ़: डड्डूमाजरा कालोनी में रविवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई जहां एक पति ने घरेलू विवाद में पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला का दिया। आरोपी मनोज कुमार ने पत्नी सुमन कुमारी(40) की छाती और गले पर चाकू से वार किए। इस हमले में सुमन गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे सेक्टर 16 के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, आरोपी पति वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मलोया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर थाना पुलिस के साथ सीएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
सुमन के भाई कुलदीप ने बताया कि उसका जीजा मनोज बेरोजगार है। वह कोई काम नहीं करता और उसकी बहन की कमाई पर ही रह रहा था। सुमन लोगों के घरों में काम करती थी। मनोज अक्सर उससे पैसे मांगता था और मना करने पर वह सुमन से मारपीट करता था। रविवार को भी उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। सुमन के दो बेटे हैं जो उस वक्त घर पर नहीं थे। मनोज ने सुमन से पैसे मांगे और जब उसने मना किया तो उसने गुस्से में उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पहले भी कर चुका है ऐसी वारदात
कुलदीप ने बताया कि मनोज ने तीसरी बार उसकी बहन की जान लेने की कोशिश की है। पहले भी वह उस पर ऐसे हमला कर चुका है। कुलदीप का आरोप है कि एक बार तो उसने सुमन को जहर देने की कोशिश की थी। उस समय आरोपी ने थाने में माफी मांगकर भविष्य में ऐसा न करने का भरोसा दिया था, लेकिन उसने फिर वही हरकत दोहराई।

