चंडीगढ़: शहर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में शनिवार को सेक्टर-15 में सड़कों के री-कार्पेटिंग कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। इस कार्य का शुभारंभ चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर निगम का निरंतर प्रयास है कि शहर की सड़कें बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाई जाएं, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परियोजना के तहत सेक्टर-15 की सभी वी-4, वी-5 और वी-6 श्रेणी की सड़कों का व्यापक री-कार्पेटिंग कार्य किया जाएगा। इससे न केवल सड़कों की स्थिति में सुधार होगा, बल्कि यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू और सुरक्षित बनेगी। मेयर ने जानकारी दी कि इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 37 किलोमीटर (12 फीट समकक्ष) सड़कें शामिल हैं। इस पर करीब 5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। पूरे कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और इसे दो माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर में विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आगे बढ़ा रहा है। बेहतर सड़कें न केवल यातायात को सुगम बनाती हैं, बल्कि शहर के समग्र शहरी वातावरण और जीवन स्तर को भी सुधारती हैं। इस अवसर पर सेक्टर-15 के निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान होगा तथा आने वाले समय में आवागमन अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा।

