Chandigarh student murder: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में 17 वर्षीय छात्र नैतिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार नाबालिग आरोपी ने नैतिक के ऑटो का पीछा किया और उस पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में लगी, जबकि दूसरी नैतिक की छाती में जा लगी। उसका दोस्त हमले में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद नैतिक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।
स्कूल के समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, नैतिक सेक्टर-32 स्थित एसडी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। इससे पहले वह सेंट जोसफ स्कूल में पढ़ता था। इसी दौरान उसकी आरोपी से रंजिश शुरू हुई थी। दोनों के बीच अक्सर गाली-गलौज होती थी और एक-दूसरे के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की बात भी सामने आई है। विवाद बढ़ने पर नैतिक के परिजनों ने उसका स्कूल बदलवा दिया था। पुलिस एक क्लासमेट छात्रा को लेकर हुए विवाद के पहलू की भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की वजह को लेकर जांच अभी जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीरवार शाम सेक्टर-34 में नैतिक और उसका दोस्त आरोपी के आमने-सामने आ गए थे। आरोप है कि दोनों ने सौरव की पिटाई की और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सौरव ने अपने दोस्तों को बुलाया और नैतिक का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसके करीब एक घंटे बाद सेक्टर-22 में फायरिंग हुई।
मंदिर की ओर भागा नैतिक, अस्पताल में तोड़ा दम
नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठकर सेक्टर-34 से घर लौट रहा था। जब ऑटो सेक्टर-22 में सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचा, तो बाइक सवार आरोपी ने उसका पीछा करते हुए फायरिंग कर दी। एक गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में लगी और आगे का शीशा टूट गया। दूसरी गोली नैतिक की छाती में लगी। गोली लगने के बाद नैतिक ऑटो से उतरकर मंदिर के गेट की ओर भागा। वह पास की फूल की दुकान तक पहुंच गया। दुकानदार ने उसे पानी पिलाया और टैक्सी से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। नैतिक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता रामदरबार फेज-2 में लकड़ी का काम करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घायल ऑटो चालक सिकंदर पासवान के मुताबिक, नैतिक और उसका दोस्त सेक्टर-34 से उसके ऑटो में बैठे थे। घर के पास पहुंचने पर नैतिक ने बाहर बाइक सवार युवकों को देखकर घबराते हुए ऑटो तेजी से चलाने के लिए कहा। इसी दौरान पीछे से गोलियां चलने लगीं। सिकंदर के कंधे में गोली लगी और ऑटो का अगला शीशा टूट गया। इसके बाद नैतिक ऑटो से उतरकर मंदिर की ओर भागा। घायल चालक को इलाज के लिए जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया है।
डैशकैम फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद मंदिर के गेट से फूल की दुकान तक सड़क और फर्श पर खून के निशान दिखाई दिए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। लोगों के खून के निशानों के ऊपर से गुजरने के कारण फोरेंसिक साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई। बाद में पुलिस ने रस्सी लगाकर इलाके को घेरा और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस स्टेशन-17 के एसएसओ सुदेश कुमार ने बताया कि हत्या पुराने विवाद के चलते की गई। ऑपरेशन सेल ने एक कार के डैशकैम फुटेज और चश्मदीदों की मदद से आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद की है। नैतिक का शव अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायल ऑटो चालक का इलाज जारी है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो, पुरानी रंजिश और फायरिंग में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।

