Chandigarh Train Accident: चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा रेलवे ओवरब्रिज पर चलती मालगाड़ी के वैगन का दरवाजा टूटकर सड़क से गुजर रही कार पर गिरने के मामले में उत्तर रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम यह जांच करेगी कि मालगाड़ी के वैगन का दरवाजा किन परिस्थितियों में टूटा और क्या इसके पीछे कोई तकनीकी खामी या रखरखाव में कमी थी। सोमवार को जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे में कार सवार सेक्टर-35 निवासी प्रीति के सिर में चोट लगी थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार में बच्चों समेत सवार अन्य लोग सुरक्षित बच गए। रेलवे अधिकारी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चलती मालगाड़ी से दरवाजा कैसे अलग हुआ। जांच के दौरान वैगन के दरवाजे की तकनीकी स्थिति, उपकरणों में संभावित खराबी और लोडिंग की प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी। टीम मालगाड़ी की गति, वैगन में लदी सामग्री और उसके रखरखाव से संबंधित पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखेगी।
धमाके के साथ कार पर गिरा दरवाजा
घटना रविवार शाम की है। मालगाड़ी अंबाला से चंडीगढ़ होते हुए लुधियाना के पास ढंडारी कलां जा रही थी। जब ट्रेन हल्लोमाजरा रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रही थी, तभी एक वैगन का दरवाजा टूटकर नीचे सड़क से गुजर रही कार पर गिर गया। दरवाजा कार पर गिरने से जोरदार धमाका हुआ। इससे कार की छत और पिछली खिड़की का शीशा टूट गया। कार में छह लोग सवार थे। शीशा टूटने से कांच कार में बैठे लोगों पर बिखर गया और प्रीति बेहोश हो गईं। कार चालक के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि करीब दो मिनट तक उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पीसीआर और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। इस हादसे ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, दरवाजा टूटने की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
चार सदस्यीय टीम में रेलवे के वाणिज्य
उत्तर रेलवे की जांच टीम में अंबाला के वाणिज्य विभाग के अधिकारी किशोर मेहता, चंडीगढ़ में ट्रेन संचालन से जुड़े अधिकारी मनोज सैनी और रेलवे के दो तकनीकी अधिकारी शामिल हैं। टीम की अगुवाई रेलवे के तकनीकी अधिकारी कर रहे हैं। जांच के तहत मालगाड़ी के ड्राइवर, गार्ड और रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। रेलवे अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि दरवाजा चलती ट्रेन से किस वजह से अलग हुआ। इसमें दरवाजे की लॉकिंग व्यवस्था, तकनीकी खराबी और वैगन के रखरखाव से जुड़े पहलुओं की जांच की जाएगी। साथ ही, मालगाड़ी में लदी सामग्री और लोडिंग प्रक्रिया की भी पड़ताल होगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अंबाला मंडल में यह पहला ऐसा मामला है, जिसमें मालगाड़ी का दरवाजा टूटकर सड़क से गुजर रही कार पर गिरा और कोई यात्री घायल हुआ। इससे पहले मालगाड़ियों के दरवाजे रेलवे ट्रैक पर गिरे मिलने और खिड़कियां टूटकर गिरने जैसी घटनाएं सामने आई थीं। जांच रिपोर्ट से हादसे की वजह और जिम्मेदारी तय करने में मदद मिलेगी। गाड़ी पर ‘वीआईपी’ नंबर का ऐसा जुनून, 0001 के लिए लगा दी 21.31 लाख रुपये की बोली !

