Kaithal News: चीका में झूठा केस दर्ज करने के आरोप में थाना प्रभारी पर गाज, कैथल SP ने की बड़ी कार्रवाई

चीका में झूठा केस दर्ज करने के आरोप में थाना प्रभारी पर गाज, कैथल SP ने की बड़ी कार्रवाई
Kaithal News: कैथल जिले के चीका में एक आम नागरिक को शराब तस्करी के फर्जी मामले में फंसाने की शिकायत पर पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। चीका निवासी बुटा सिंह की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कड़ा रुख अपनाया है। पीड़ित का आरोप है कि झगड़े के एक पुराने मामले में समझौता न करने का दबाव बनाने के लिए पुलिस ने उस पर अवैध शराब रखने का मनघड़ंत केस दर्ज कर दिया था। इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच अब डीएसपी गुहला रमेश गुलिया को सौंप दी गई है।
थाना प्रभारी और आईओ पर गिरी गाज, 20 से ज्यादा कर्मी बदले
शिकायत पर प्राथमिक संज्ञान लेते हुए एसपी कार्यालय ने चीका थाना प्रभारी एसआई प्रवीन का तत्काल प्रभाव से तबादला कर उन्हें स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट में भेज दिया है। इसके साथ ही मामले के जांच अधिकारी एएसआई विकास को भी चीका से हटाकर सिटी थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जिले के 20 से अधिक अन्य पुलिसकर्मियों को भी इधर-से-उधर किया गया है, जिससे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
‘घर से खाली हाथ ले गए, रास्ते में मंगवाई शराब’ – सीसीटीवी से बेनकाब हुए दावे
पीड़ित बुटा सिंह ने डीजीपी, एसपी और मानवाधिकार आयोग को भेजी शिकायत में 16 जून की रात का पूरा घटनाक्रम बयां किया है। आरोपों के मुताबिक, उस रात करीब साढ़े आठ बजे चीका थाना प्रभारी प्रवीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ डायल 112 की गाड़ी में उसके घर पहुंचे और उसे हथकड़ी लगाकर ले गए। पुलिस का दावा था कि बुटा सिंह को 20 बोतल अवैध शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है। हालांकि, बुटा सिंह को घर से ले जाने का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक होने के बाद पुलिसिया कहानी पर सवाल खड़े हो गए, जिसमें वह खाली हाथ दिख रहा था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने खुद एक युवक से शराब की बोतल मंगवाकर फर्जी रिकवरी दिखाई थी।
डीएसपी गुहला करेंगे मामले की दूध का दूध, पानी का पानी
मामला तूल पकड़ने और उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद अब निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया जा रहा है। कैथल के एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगामी जांच डीएसपी गुहला को दी गई है। पुलिस की प्राथमिक जांच रिपोर्ट, सीसीटीवी साक्ष्यों और पीड़ित के बयानों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
