करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार रात को ही सिरसा पहुंच गए थे, जिसके बाद आज सुबह से ही उनके राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने पंचायत भवन परिसर में जिला कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस) की अहम बैठक की अध्यक्षता की और इसके ठीक बाद जनकल्याण शिविर लगाकर आम जनता की फरियादें सुनीं। इस बैठक के लिए कुल 15 एजेंडे तय किए गए थे, जिन पर एक-एक कर सुनवाई की गई। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और इनेलो नेता व जिला परिषद चेयरमैन कर्ण चौटाला खास तौर पर मौजूद रहे।
सुरक्षा की सख्ती से परेशान हुए फरियादी, मीडिया पर भी रोक
बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए गए थे। इसका सबसे बड़ा कारण किसानों द्वारा हिसार-घग्घर ड्रेन की समस्या को लेकर दिया गया विरोध और काले झंडे दिखाने का अल्टीमेटम था। भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते कई ऐसे लोग पंचायत भवन के भीतर प्रवेश नहीं कर पाए, जो अपनी शिकायतें लेकर दूर-दराज के गांवों से आए थे। केवल उन्हीं लोगों को अंदर जाने की अनुमति मिली जिनकी शिकायतें पहले से लिस्टेड थीं।
इसके अलावा, प्रशासनिक अमले ने मीडिया कवरेज को लेकर भी खासी सख्ती दिखाई और बैठक की लाइव कवरेज पर पूरी तरह रोक लगा दी। दोपहर तक मुख्यमंत्री करीब 7 मामलों पर मौके पर ही सुनवाई पूरी कर चुके थे।
गोकुल सेतिया ने उठाए भ्रष्टाचार के सवाल, गोपाल कांडा का पत्र भी चर्चा में
बैठक में प्रशासनिक अमले की तरफ से सिरसा के डीसी और एसपी मौजूद रहे, वहीं विपक्ष की तरफ से कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरवाला और शहर के विधायक गोकुल सेतिया ने शिरकत की। हालांकि, ऐलनाबाद के कांग्रेस विधायक भरत सिंह बैनिवाल इस बैठक से पूरी तरह अनुपस्थित रहे। बैठक के दौरान सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया ने शहर के भीतर चल रहे विकास कार्यों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए सरकार और नगर परिषद को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने सीवरेज, टूटी सड़कें, पेयजल पाइपलाइन और पार्कों की दुर्दशा का जिक्र करते हुए सीधा भ्रष्टाचार का आरोप मढ़ा। गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व गृह मंत्री गोपाल कांडा भी टेंडरों में कथित धांधली को लेकर सरकार को चिट्ठी लिख चुके हैं, जिससे यह मुद्दा और गरमा गया है।
सुबह 6 बजे बाबा भूमणशाह डेरे में किया योग
इससे पहले दिन की शुरुआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह ठीक 6 बजे डेरा बाबा भूमणशाह पहुंचे। वहां आयोजित योग शिविर में उन्होंने गद्दीनशीन बाबा ब्रह्मदास की मौजूदगी में योगाभ्यास किया।
इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता भी आसनों का अभ्यास करते दिखे। सीएम के इस दौरे से ठीक पहले शहर में वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए आनन-फानन में सड़कों पर पेचवर्क (गड्ढे भरने का काम) किया गया। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के इस काम को केवल दिखावा करार दिया है। लोगों का कहना है कि पहली बारिश आते ही यह अस्थाई मरम्मत बह जाएगी और सड़कें फिर से वैसी ही हो जाएंगी।

