Narnaul : साइबर ठगी का शिकार हुए कॉलेज लेक्चरर, खाते से उड़े 3.76 लाख रुपये
प्रतीकात्मक फोटो
Narnaul : डिजीटल दौर में साइबर ठगों के नए-नए और शातिर तरीके आमजन को लगातार अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल से सामने आया है, जहां राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली मंडी के एक लेक्चरर को किताब की स्पेसिमेन कॉपी मंगवाना बेहद महंगा पड़ गया।
गूगल पर सर्च किए गए एक फर्जी नंबर के जरिए ठगों ने APK एप्लीकेशन और स्क्रीन शेयरिंग का खेल खेलकर उनके बैंक खाते से 3 लाख 76 हजार 280 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित शिक्षक मूल रूप से रेवाड़ी के रहने वाले हैं और वर्तमान में वहीं निवास करते हैं।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
पीड़ित लेक्चरर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बीते 18 सितंबर को उन्हें कॉलेज के पाठ्यक्रम से जुड़ी एक किताब की स्पेसिमेन कॉपी की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर ‘पंकज बुक डिपो’ का संपर्क नंबर खोजा। खोजे गए मोबाइल नंबर पर जब उन्होंने बातचीत की, तो दूसरी तरफ से उन्हें वॉट्सऐप पर एक एपीके (APK) फाइल भेजी गई।
जब शिक्षक उस एप्लीकेशन के जरिए फॉर्म भरने लगे, तो उन्हें कुछ तकनीकी परेशानी महसूस हुई। इसी का फायदा उठाते हुए ठगों ने उन्हें दूसरे नंबर से वीडियो कॉल की और स्क्रीन शेयर करने के लिए प्रेरित किया। स्क्रीन शेयर होने के बाद ठगों ने फॉर्म भरवाने के बहाने उनकी पर्सनल और बैंक से जुड़ी सभी गोपनीय जानकारियां हासिल कर लीं।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर की गई महज 2 रुपये की ठगी
विस्तृत जानकारी जुटाने के बाद ठगों ने रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में मात्र 2 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। शिक्षक ने अपने फोन में मौजूद YONO SBI एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर भुगतान कर दिया और अपनी कक्षाओं में व्यस्त हो गए।
घटना के करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने अपना मोबाइल फोन चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 3,76,280 रुपये निकाले जा चुके थे।
पुलिस और साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज हुई शिकायत
अपने साथ हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ित लेक्चरर ने तुरंत बिना देर किए बैंक को इससंदर्भ में सूचित किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) का भी सहारा लिया।
साइबर क्राइम पंचकूला से प्राप्त ई-जीरो एफआईआर और शुरुआती शिकायती दस्तावेजों के आधार पर अब साइबर क्राइम थाना नारनौल में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की गहनता से तकनीकी जांच की जा रही है।
यह भी देखें – नारनौल में धूमधाम से संपन्न हुआ गणपति विसर्जन, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ दी गई बप्पा को विदाई
