सिरसा। सिरसा जिले के डबवाली स्थित अहमदपुर दारेवाला गांव में रविवार की रात एक ऐसा खूनी खेल खेला गया, जिसने बाप-बेटे के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। महज साढ़े तीन एकड़ जमीन के विवाद में एक बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने बुजुर्ग पिता को जीप के टायरों तले कुचल दिया। 65 वर्षीय जसवंत सिंह की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। ग्रामीणों की मानें तो आरोपी राम सिंह के सिर पर खून सवार था और उसने पिता पर कई बार गाड़ी चढ़ाई, ताकि बचने की कोई गुंजाइश न रहे।
साढ़े तीन एकड़ जमीन और चार दिन का तनाव
घटनाक्रम रविवार रात करीब 10 बजे का है। बताया जा रहा है कि जसवंत सिंह के पास कभी 18 एकड़ जमीन हुआ करती थी, जिसमें से अधिकतर हिस्सा पहले ही बेचा या बांटा जा चुका था। अब बिज्जूवाली रोड पर स्थित साढ़े तीन एकड़ का आखिरी टुकड़ा बचा था, जिसे आरोपी राम सिंह अपने नाम लिखवाने पर अड़ा था। पिछले चार-पांच दिनों से इस बात को लेकर घर में कलेश मचा हुआ था और मामला पुलिस की चौखट तक भी पहुंचा था। लेकिन रविवार रात विवाद इतना बढ़ा कि राम सिंह ने अपनी जीप को ही हत्या का हथियार बना लिया।
दोहते के सामने तड़पते रहे नाना, आरोपी फरार
जिस वक्त यह जघन्य अपराध हुआ, जसवंत सिंह का नाबालिग दोहता वहीं मौजूद था और अपनी आंखों के सामने नाना को दम तोड़ते देख सन्न रह गया। जसवंत सिंह की एक विधवा बेटी भी अपने बच्चे के साथ पिता के पास ही रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी बेटा पहले भी जमीन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर चुका था, लेकिन उसकी भूख खत्म नहीं हुई। डबवाली सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है।
पुलिस की टीमें दे रही हैं दबिश
डबवाली पुलिस ने आरोपी राम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। डीएसपी और थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही हत्या की मुख्य वजह निकलकर सामने आई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। गांव में इस घटना के बाद से ही मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है, लोग इस बात से हैरान हैं कि कोई अपनी ही रगों में दौड़ने वाले खून का इतना बेरहमी से दुश्मन कैसे हो सकता है।

