September 26, 2026

Deepender Hooda Ladwa: लाडवा में दीपेंद्र हुड्डा का बड़ा हमला, मंच पर चलाया CM का वीडियो, पूछा- कहां गया 3100 रुपये का धान भाव?

0
Deepender Hooda Ladwa Rally News: लाडवा में दीपेंद्र हुड्डा का बड़ा हमला, मंच पर चलाया CM का वीडियो, पूछा- कहां गया 3100 रुपये का धान भाव?

लाडवा में दीपेंद्र हुड्डा का बड़ा हमला, मंच पर चलाया CM का वीडियो, पूछा- कहां गया 3100 रुपये का धान भाव?

Deepender Hooda Ladwa: कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ हमलावर रुख अपनाया। धान की सरकारी खरीद और फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने सीएम को उन्हीं के पुराने बयानों के जरिए घेरा। हुड्डा ने सम्मेलन के दौरान सीधे माइक पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का एक पुराना वीडियो चला दिया, जिसमें वे किसानों से धान की फसल 3100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदने का वादा करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो दिखाकर किसानों से पूछा सवाल

मंच से वीडियो प्ले होने के बाद दीपेंद्र हुड्डा ने जनसभा में मौजूद किसानों और कार्यकर्ताओं से सीधा सवाल दागा कि “अब आप ही बताइए, मंडियों में धान का क्या भाव मिल रहा है?” उन्होंने कहा कि चुनावों के समय किसानों को लुभावने वादे दिए गए थे, लेकिन आज जब किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, तो न तो समय पर खरीद हो रही है और न ही वादा किया गया भाव मिल पा रहा है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

2900 रुपये एमएसपी का बाजरा 1900 में बिकने का दावा

केवल धान ही नहीं, बल्कि बाजरे के मुद्दे पर भी दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडियों में बाजरे की आवक जारी है, जिसका आधिकारिक एमएसपी सरकार ने 2900 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसके बावजूद किसानों को महज 1900 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास की दरों पर अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 सालों में इस सरकार ने प्रदेश की जनता को केवल झूठ, फूट और लूट के सिवाय कुछ नहीं दिया।

रोजगार के दावों पर मुख्यमंत्री से मांगे आंकड़े

मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर चुटकी लेते हुए हुड्डा ने कहा कि सीएम दावा करते हैं कि छोटे गांवों से 4-5 और बड़े गांवों से 400-500 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। हुड्डा ने चुनौती दी कि मुख्यमंत्री आंकड़े सार्वजनिक करें और बताएं कि अकेले लाडवा विधानसभा क्षेत्र के कितने युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और जनादेश की चोरी करके सरकार बनाई गई है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में जरूर देगी।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें आपके जिले में कैसा रहेगा हाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed