Rewari News: रेवाड़ी में दिनदहाड़े बाइक से आईं दो लड़कियां, एक ने पेचकस से खोला ATM, दूसरी देती रही पहरा

रेवाड़ी में दिनदहाड़े बाइक से आईं दो लड़कियां, एक ने पेचकस से खोला ATM, दूसरी देती रही पहरा
Rewari News: एटीएम मशीन उखाड़ने या उसे गैस कटर से काटने की वारदातें तो अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन रेवाड़ी जिले के औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा में चोरी के प्रयास की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर पुलिस भी हैरान है। सोमवार सुबह धारूहेड़ा बस स्टैंड स्थित हिताची कंपनी के एटीएम में दो लड़कियों ने बेहद शातिर और अनोखे अंदाज में सेंध लगाने की कोशिश की। दिनदहाड़े हुई यह पूरी हरकत एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर अब पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
एक पेचकस से खंगालती रही कैश ट्रे, दूसरी दरवाजे पर जमाए रही पहरा
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर दो लड़कियां धारूहेड़ा बस स्टैंड पहुंचीं। उन्होंने अपनी बाइक को सीधे एटीएम के पास ही पार्क किया और बेखौफ होकर अंदर दाखिल हो गईं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि काले रंग की टी-शर्ट पहने एक लड़की ने अपने पास रखा पेचकस निकाला और एटीएम मशीन के उस निचले हिस्से (कैश डिस्पेंसर) के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी जहां से नोट बाहर निकलते हैं।
इस दौरान उसकी दूसरी साथी एटीएम के मुख्य दरवाजे पर मुस्तैद खड़ी रही और लगातार बाहर आने-जाने वालों पर नजर रखती रही। हद तो तब हो गई जब फुटेज में वह बाहर से आने वाले अन्य ग्राहकों को एटीएम खराब होने का बहाना बनाकर अंदर जाने से रोकती हुई भी दिखाई दी। काफी देर तक मशीन के साथ मशक्कत करने के बाद दोनों लड़कियां चुपचाप अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गईं।
ग्राहक ने दी गार्ड को सूचना, तब जाकर हुआ पोल-पट्टी का खुलासा
दोनों लड़कियों के जाने के कुछ ही देर बाद एक स्थानीय युवक पैसे निकालने के उद्देश्य से एटीएम के अंदर गया। जब उसने कार्ड डालकर ट्रांजैक्शन करने की कोशिश की तो मशीन ने काम करना बंद कर दिया। इस पर युवक ने बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड को इसकी जानकारी दी। गार्ड ने जब पास जाकर मशीन का निरीक्षण किया तो उसे कैश स्लॉट के पास तोड़फोड़ और छेड़छाड़ के निशान दिखे।
शक होने पर जब बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो दोनों लड़कियों की करतूत उजागर हो गई। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
कैश चोरी हुआ या नहीं, पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-6 थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि बस स्टैंड स्थित हिताची एटीएम में छेड़छाड़ की शिकायत मिली है। फिलहाल बैंक प्रबंधन से एटीएम का ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और कैश ऑडिट रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि यह साफ हो सके कि लड़कियां मशीन से कोई नकदी निकालने में कामयाब हुई हैं या सिर्फ मशीन को नुकसान पहुंचाकर लौटी हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक के नंबर और दोनों लड़कियों की पहचान जुटाने में लगी है।
यह भी पढ़ें– Gurugram News: गुरुग्राम की जलमग्न सड़क पर उतरे CARS24 की नाव, पुलिस ने सीज कर ठोका ₹50,000 का चालान
