Entertainment News: मनोरंजन जगत में प्रिंस नरूला और एल्विश यादव की तनातनी किसी से छिपी नहीं है। एमटीवी ‘रोडीज’ के सेट से शुरू हुआ यह मनमुटाव समय-समय पर सोशल मीडिया और इंटरव्यूज में सुलगता रहा है। अब हाल ही में शुरू हुए ‘बिग बॉस 20’ के घर में एक बार फिर इस विवाद की चिंगारी सुलग उठी। शो के दौरान कंटेस्टेंट नकुल धुल और कुशल तंवर यानी ‘गुल्लू’ के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान नकुल ने दावा किया कि जब वे लोग गुरुग्राम आए थे, तो गुल्लू एल्विश यादव के साथ वहां से चले गए थे। इस बयान के बाद बाहर बैठे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रजत दलाल का गुस्सा फूट पड़ा है।
रजत दलाल ने खोला गुरुग्राम मीटिंग का राज
प्रिंस और एल्विश के बीच पहले सुलह कराने वाले रजत दलाल ने एक वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है। रजत ने वीडियो में दो टूक कहा कि जो झूठा नैरेटिव सेट किया जा रहा है कि उन्होंने किसी को दबाया या भगाया, वह बिल्कुल गलत है। रजत ने कहा, “बहुत कोशिश करता हूं कि विवादों से दूर रहूं, लेकिन मजबूरी में बोलना पड़ रहा है क्योंकि वह मैं ही था जिसने दोनों के बीच सुलह कराई थी।”
उन्होंने गुरुग्राम वाली कथित मीटिंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे लोग किसी के बुलाने पर नहीं गए थे, बल्कि लोकेशन उनके पास आई थी। रजत के मुताबिक, जब वे और एल्विश यादव पहुंचे, तो दूसरी तरफ से 15-25 लोग मौजूद थे जिनमें से कुछ के पास हथियार भी थे। इसके बावजूद वे बिना डरे बंद कमरे में बिना सीसीटीवी के बैठे और साफ कह दिया कि हिम्मत है तो उंगली लगाकर दिखाओ।
प्रिंस नरूला को दी कड़ी चेतावनी
वीडियो के अंत में रजत दलाल ने प्रिंस नरूला को नसीहत देते हुए शांत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रिंस और एल्विश इस तरह के कानूनी और आपसी मामलों का सामना पहले भी कर चुके हैं, इसलिए इस पुरानी आग को दोबारा हवा न दें। रजत ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि वे लोग कुछ करना चाहते हैं, तो मैदान खुला है, लेकिन उनकी तरफ से अब इस पर कोई दूसरा वीडियो नहीं आएगा और जो होगा आमने-सामने देखा जाएगा।
यह भी पढ़ें– रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 100 करोड़ रुपये से अधिक कमाए

