Entertainment News: टीवी और बॉलीवुड की विवादित और चर्चित अभिनेत्री राखी सावंत एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में हैं। इन दिनों मक्का शरीफ में धार्मिक यात्रा (उमराह) पर गईं राखी सावंत का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मक्का की सड़कों पर राखी के साथ भारी भीड़ छीना-झपटी करती नज़र आ रही है। इस आपाधापी में न केवल उनके हाथों से सामान छीना गया, बल्कि धक्का-मुक्की के दौरान उनका हिजाब तक खिंच गया, जिससे खुद राखी भी असहज और परेशान दिखाई दीं।
पुण्य कमाने निकली थीं राखी, बेकाबू हुई लोगों की भीड़
दरअसल, मक्का शरीफ पहुंचीं राखी सावंत ने वहां के स्थानीय लोगों और ज़ायरीन (तीर्थयात्रियों) के बीच जानमाज़ बांटने का फैसला किया था। वे अपनी टीम के साथ जानमाज़ से भरे बंडल लेकर सड़क किनारे पहुंचीं और ‘अल्लाहू अकबर’ कहते हुए लोगों को एक-एक कर बांटने लगीं। देखते ही देखते वहां जानमाज़ लेने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग कतार में लगने की जगह राखी सावंत के हाथों से ही जानमाज़ खींचने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख राखी सावंत भीड़ को समझाती और अपील करती दिखीं कि “आप लोग मुझे छुओ मत, आराम से रहो, सब मिलेगा।” लेकिन बेकाबू भीड़ ने उनकी एक न सुनी।
दुकान में शरण लेने को मजबूर हुईं ड्रामा क्वीन, यूज़र्स ने जताई नाराजगी
भीड़ का रुख देखकर घबराईं राखी सावंत अपनी जान और हिजाब बचाते हुए पास की एक दुकान की तरफ भागीं। हालांकि, लोग वहां भी उनका पीछा करते पहुंचे और उनके हाथों से जानमाज़ छीनते दिखे। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
तमाम यूज़र्स ने भीड़ के इस रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया है। एक यूज़र ने लिखा, “राखी नेक काम करने निकली थीं, लेकिन लोग किस कदर जाहिलों की तरह सामान पर टूट पड़े, यह शर्मनाक है।” वहीं, एक अन्य फैन ने लिखा, “राखी का दिल बहुत साफ है, उन्होंने नमाज़ियों की मदद की सोच से यह कदम उठाया था।” फिलहाल राखी सावंत का यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें– 4 सितंबर को है जन्माष्टमी, इन 6 आसान तरीकों से फूलों, मटकी और मोरपंख से सजाएं लड्डू गोपाल का झूला

