August 2, 2026

Fake Sadhu: हाईवे पर ‘प्यासा साधु’ बनकर गाड़ियां रुकवाता था अमीरचंद, डॉक्टर की चेन छीनने वाला बहरूपिया गिरफ्तार

0
Fake Sadhu: हाईवे पर 'प्यासा साधु' बनकर गाड़ियां रुकवाता था अमीरचंद, डॉक्टर की चेन छीनने वाला बहरूपिया गिरफ्तार

Fake Sadhu: हाईवे पर 'प्यासा साधु' बनकर गाड़ियां रुकवाता था अमीरचंद, डॉक्टर की चेन छीनने वाला बहरूपिया गिरफ्तार

Fake Sadhu: (संजीव चौहान) अपराधियों के नए-नए पैंतरे पुलिस और जनता दोनों के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की स्पेशल सेल ने एक ऐसे लुटेरे को बेनकाब किया है जो भगवा भेष की आड़ में हाईवे पर राहगीरों को अपना शिकार बनाता था। जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के कड़े निर्देशों पर काम कर रही स्पेशल सेल को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हाईवे किनारे प्यासा साधु बनकर खड़े होने वाला यह शख्स कोई महात्मा नहीं, बल्कि दढ़वा की डेहा बस्ती का रहने वाला अमीरचंद (पुत्र तालाब नाथ) निकला। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले लिया है ताकि उसके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा सके।

पंचकूला के डॉक्टर से सरेआम झपटी थी सोने की चेन

स्पेशल सेल के इंचार्ज रमन चंदेल ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 14 जून को पंचकूला के रहने वाले एक डॉक्टर अपनी कार से किसी जरूरी काम के सिलसिले में देहरादून जा रहे थे। जब वह करेड़ा खुर्द हाईवे के पास पहुंचे, तो सड़क किनारे साधु का भेष धारण किए अमीरचंद खड़ा दिखाई दिया। आरोपी ने बेहद लाचार बनकर पानी पीने का इशारा किया, जिसे देखकर डॉक्टर ने इंसानियत के नाते अपनी गाड़ी रोक दी। डॉक्टर जैसे ही उसे पानी देने लगे, आरोपी ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझा लिया और पलक झपकते ही डॉक्टर के गले से सोने की चेन झपटकर हाईवे की दूसरी तरफ दौड़ लगा दी। जब तक पीड़ित डॉक्टर कुछ समझ पाते, बहरूपिया चोर आंखों से ओझल हो चुका था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तुरंत झपटमारी का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

बैंक कॉलोनी मोड़ के पास से स्पेशल सेल ने दबोचा

इस अंधी वारदात को सुलझाने के लिए स्पेशल स्टाफ की एक खास टीम तैयार की गई थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद उप-निरीक्षक सतीश कुमार, मक्खन, सुरेंद्र, गौरव और कुलदीप की टीम को एक पुख्ता इनपुट मिला कि वारदात में शामिल संदिग्ध युवक बैंक कॉलोनी मोड़ के पास किसी नई फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर छापेमारी की और घेराबंदी करके अमीरचंद को धर दबोचा। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने डॉक्टर के साथ हुई वारदात को कुबूल कर लिया है। इंचार्ज रमन चंदेल के मुताबिक, रिमांड के दौरान आरोपी से लूटी गई चेन बरामद की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि वह अब तक हाईवे पर कितने वाहन चालकों को इस तरह अपनी ठगी का शिकार बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed