August 7, 2026

Faridabad News: फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने 10 गायों को कुचला; 6 की मौत, ड्राइवर हिरासत में

0
Faridabad News: फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने 10 गायों को कुचला; 6 की मौत, ड्राइवर हिरासत में

फरीदाबाद में तेज रफ्तार ट्रक ने 10 गायों को कुचला; 6 की मौत

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बीते बुधवार की देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे बैठी करीब 10 गायों को कुचल दिया। हादसे में छह गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और गौसेवकों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।

 

सड़क किनारे बैठी थीं गायें, ट्रक सीधे चढ़ गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी गायें सड़क के किनारे बैठी हुई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में आया ट्रक सीधे उनके ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल गायें सड़क पर तड़पती रहीं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गौसेवक मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।

 

घायल गायों को गोशाला भेजा गया

गोरक्षा दल के सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची। वहां छह गायों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार गाय गंभीर रूप से घायल थीं। घायल गायों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए गोशालाओं में भेजा गया। वहीं मृत गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।

 

गोरक्षा दल ने चालक की लापरवाही का लगाया आरोप

गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में भी हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि चालक सतर्क रहता तो इतनी बड़ी दुर्घटना टाली जा सकती थी। गोरक्षा दल ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

आक्रोशित लोगों ने ट्रक में लगाई आग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलने पर ओल्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को सामान्य किया।

 

पुलिस बोली- हर पहलू से होगी जांच

ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे बैठी गायें दिखाई नहीं दीं, जिससे हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में चालक की लापरवाही, नशे में वाहन चलाने या किसी अन्य कारण की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई गलती सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed