Faridabad News: साइबर सिटी फरीदाबाद की जिला पुलिस (Faridabad police crime branch) ने नशे के काले कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एमडीएमए ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक समेत कुल तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 126.96 ग्राम प्रतिबंधित एमडीएमए नशा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है। इस खुलासे के बाद पुलिस अब इनके पूरे सिंडिकेट और सप्लाई चेन को खंगालने में जुटी है।
ऐसे खुला ड्रग्स तस्करी का पूरा जाल, नोएडा से जुड़ा था तार
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 7 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने गांव दयालपुर के रहने वाले संगम नामक युवक को गिरफ्तार किया था। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 126.96 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जिसके बाद थाना सूरजकुंड में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ के दौरान संगम ने खुलासा किया कि वह यह नशा नोएडा में रह रहे एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक (South African national arrested Faridabad) ओडेकामरा से खरीदकर लाता था और फिर इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर में ऊंचे दामों पर बेचता था। ( इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर 11 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा और उसके सहयोगी विनीत को भी धर दबोचा। जांच में सामने आया कि नोएडा निवासी विनीत ने भी संगम से लगभग 4 ग्राम एमडीएमए बेचने के लिए खरीदा था।
स्टडी वीजा खत्म होने के बाद अवैध रूप से भारत में रह रहा था मुख्य आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में एक और बड़ा चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया दक्षिण अफ्रीका निवासी ओडेकामरा साल 2019 में वैध स्टडी वीजा पर भारत आया था। हैरानी की बात यह है कि उसका वीजा वर्ष 2023 में ही समाप्त हो चुका था, जिसके बावजूद वह कानून को ताक पर रखकर नोएडा में अवैध रूप से निवास कर रहा था और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।
गौर करने वाली बात यह भी है कि इससे पहले 15-16 सितंबर की रात को भी क्राइम ब्रांच और एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) की संयुक्त टीम ने लकड़पुर के शिव दुर्गा विहार में छापेमारी कर कोकीन समेत 15 करोड़ रुपये के ड्रग्स के साथ दक्षिण अफ्रीका के तीन अन्य नागरिकों को दबोचा था, जो वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद अवैध रूप से रह रहे थे।
अदालत में पेशी और पांच दिन का पुलिस रिमांड
पुलिस ने तीनों आरोपियों को सक्षम अदालत में पेश किया, जहां से स्थानीय तस्कर संगम और विनीत को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मुख्य ड्रग्स सप्लायर और दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से ड्रग्स के बड़े नेटवर्क, फाइनेंसिंग और उसके विदेशी संपर्कों की गहराई से पूछताछ करने के लिए अदालत से 5 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान कई अन्य बड़े खुलासे होने की उम्मीद है और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य चेहरों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Faridabad News: पल्ला इलाके में चलती ब्रेजा कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

