कैंपर में जबरन बैठाकर मारपीट, 2 हजार रुपये व मोबाइल छीना; महेंद्रगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में तीन आरोपियों को दबोचा, कैंपर व तीन लाठियां बरामद

Narnaul Crime News:
पुलिस द्वारा लड़ाई-झगड़े एवं मारपीट के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना सिटी नारनौल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में प्रयुक्त वाहन एवं लाठियां बरामद की गई हैं।
डीएसपी मुख्यालय श्री भारत भूषण ने बताया कि पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार दिनांक 14.08.2026 को शिकायतकर्ता गौरव, निवासी गांव नांगतिहाड़ी, नारनौल अपने खेत से घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुल्तान एकेडमी के पास रास्ते में एक कैंपर वाहन ने शिकायतकर्ता का रास्ता रोका और उसमें सवार मोनू और गौरा नीचे उतरे और शिकायतकर्ता को अपने हाथों में लिए हुए डंडों एवं लाठियों से मारपीट करते हुए जबरदस्ती कैंपर वाहन में डाल लिया। इस दौरान दिलबाग कैंपर वाहन चला रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों द्वारा उसे मारपीट करते हुए नसीबपुर बस अड्डे की तरफ ले जाया गया, जहां अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा शिकायतकर्ता की जेब से 2,000 रुपये एवं मोबाइल फोन भी ले लिया गया। मारपीट करने के बाद शिकायतकर्ता को नसीबपुर बस स्टैंड के पास डालकर चले गए। राहगीरों ने घरवालों को सूचित किया। मारपीट के दौरान शिकायतकर्ता के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर किए जाने पर उसका उपचार जयपुर करवाया गया।
18 अगस्त को इसकी शिकायत मिलने पर घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सिटी नारनौल थाने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों दिलबाग निवासी नांगतिहाड़ी, मोनू निवासी नसीबपुर तथा गौरा निवासी गांव जैलाफ को दिनांक 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक कैंपर वाहन तथा तीन लाठियां बरामद की गईं। पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि लड़ाई-झगड़े एवं मारपीट की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
