Gurugram News: गुरुग्राम में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटी, 11 दिन बाद जागी सेक्टर-50 थाना पुलिस

गुरुग्राम में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटी, 11 दिन बाद जागी सेक्टर-50 थाना पुलिस
Gurugram News: हाईटेक और स्मार्ट पुलिसिंग का दावा करने वाली साइबर सिटी गुरुग्राम की सड़कों पर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में देखने को मिली। शहर में एक बार फिर सक्रिय हुए बाइक सवार स्नेचरों ने दिनदहाड़े एक महिला को अपना शिकार बना लिया और सोने की चेन झपटकर रफूचक्कर हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वारदात के पूरे 11 दिन बीत जाने के बाद स्थानीय पुलिस नींद से जागी और मामला दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार, साउथ एंड सेक्टर-49 की रहने वाली महिमा जैन गत 6 अगस्त को अपने किसी काम से इलाके से गुजर रही थीं। जैसे ही वह ‘द नाइल सोसाइटी’ के पास पहुंचीं, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि महिमा कुछ समझ पातीं, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन तोड़ी और फर्राटा भरते हुए फरार हो गए।
सहम गई महिला, आंखों के सामने ओझल हुए बदमाश
अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित महिला बुरी तरह सहम गई। उन्होंने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया और आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकारा, लेकिन जब तक लोग जुटते, दोनों बदमाश नजरों से ओझल हो चुके थे। पीड़िता ने तुरंत इस वारदात की लिखित सूचना स्थानीय सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी।
हालांकि, आम जनता की सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस की सुस्ती का आलम यह रहा कि घटना वाले दिन से लेकर अगले 11 दिनों तक शिकायत ठंडे बस्ते में पड़ी रही। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने और मीडिया में सुगबुगाहट होने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, पुलिस बोली- जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
सेक्टर-50 थाना पुलिस ने पीड़िता महिमा जैन की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 (छीनझपटी) के तहत अज्ञात स्नेचरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के आने और भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार संदिग्धों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, लगातार हो रही स्नेचिंग की वारदातों और पुलिस की इस देरी से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी रोष है।
यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें
