Hansi Municipal News: वेतन और भत्तों की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, 30 से हड़ताल का ऐलान
वेतन और भत्तों की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, 30 से हड़ताल का ऐलान
Hansi Municipal News: हरियाणा के हांसी में सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी संघ (Hansi Municipal Council Protest) के आह्वान पर कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से बकाए वेतन, रिस्क अलाउंस और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का साफ तौर पर आरोप है कि राज्य सरकार के साथ समझौता होने और इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किए जाने के बावजूद स्थानीय प्रशासन उनके अधिकारों को अटकाए बैठा है।
डीएमसी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, बातचीत न करने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को लेकर जिला नगर आयुक्त (DMC) लक्षित सरीन से मुलाकात करने का प्रयास किया। कर्मचारियों का आरोप है कि डीएमसी अधिकारियों ने उनकी बात सुनना तो दूर, ज्ञापन और नोटिस लेने तक से इनकार कर दिया और सीट छोड़कर चले गए। इस रवैये से भड़के कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने यह भी उजागर किया कि कई महीनों से तेल और साबुन जैसी आवश्यक सामग्री खरीदकर कार्यालय में सड़ रही है, लेकिन कर्मचारियों को बांटी नहीं जा रही।
29 सितंबर तक का अल्टीमेटम, 30 से ठप होगी शहर की सफाई
कर्मचारी संघ के नेताओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए प्रशासन को मंगलवार (29 सितंबर) तक का अंतिम समय दिया है। उन्होंने दोटूक कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो 30 सितंबर (बुधवार) से जिले भर के सफाई कर्मचारी और अग्निशमन अमला पूरी तरह हड़ताल पर चला जाएगा। इस दौरान यदि शहर की सफाई व्यवस्था चरमराती है या कचरे के ढेर लगते हैं, तो इसकी पूरी जवाबदेही जिला नगर आयुक्त और स्थानीय प्रशासन की होगी।
जिला नेतृत्व ने दी चेतावनी
नगर पालिका कर्मचारी संघ (Haryana Nagar Palika Karamchari Sangh) के जिला प्रधान सलेवान सारसर और इकाई प्रधान बलजीत सारसर ने संयुक्त रूप से कहा कि कर्मचारियों को उनके हक के लिए बार-बार सड़कों पर उतरने को मजबूर किया जा रहा है। सरकार के साथ वार्ता में तय हुई शर्तों और हड़ताल अवधि के बकाया वेतन को जानबूझकर रोका जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर जब डीएमसी लक्षित सरीन का पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें– Bhiwani News: भिवानी में मानवता शर्मसार, बिजली बोर्ड कॉलोनी में पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात
