Haryana Food Safety Raid: त्योहारों के मौसम में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में सीआईए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर संदिग्ध पनीर और स्किम्ड मिल्क बरामद किया है। इस कार्रवाई से इलाके के डेरी संचालकों और मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
8 क्विंटल पनीर और हजारों लीटर दूध जब्त
सीआईए कलायत के प्रभारी मनीष कुमार और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी (DFSO) अभिषेक शर्मा की अगुवाई में टीम ने चिन्हित ठिकाने पर अचानक रेड मारी। पुलिस और प्रशासनिक टीम को देखकर वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर की गई जांच के दौरान टीम को करीब 8 क्विंटल तैयार पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए दूध व पनीर के कुल तीन सैंपल सील कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
एडवांस पैकिंग डेट की धांधली आई सामने
इस छापेमारी के दौरान केवल मिलावट का अंदेशा ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के साथ धोखा करने का एक नया तरीका भी बेनकाब हुआ। जांच के दौरान पाया गया कि 19 अक्टूबर को तैयार और पैक किए गए पनीर के पैकेटों पर जानबूझकर 20 अक्टूबर की तारीख (एडवांस पैकिंग डेट) छापी जा रही थी, ताकि बाजार में इसे एकदम ताजा बताकर लंबे समय तक बेचा जा सके। प्रशासनिक टीम ने पैकिंग सामग्री और बिलिंग से जुड़े तमाम दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि एकत्र किए गए सैंपलों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला (State Food Lab) में परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही उत्पादों की वास्तविक गुणवत्ता और उसमें मिलाए गए रसायनों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। उन्होंने साफ किया कि यदि सैंपल फेल होते हैं या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें – हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी मिली फाइनल ईयर की छात्रा, पुलिस खंगाल रही आत्महत्या की वजह, कैथल की रहने वाली थी शगुन

