कैथल। कैथल जिले के एक छोटे से गांव में रहने वाले विक्रम की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। महज 3 फीट की हाइट होने के कारण विक्रम को बचपन से ही समाज के उलाहने और लोगों के व्यंग्य सहने पड़े। लोग अक्सर उन्हें ‘बौना-बौना’ कहकर पुकारते थे, जिससे उनका रिश्ता होने में काफी दिक्कतें आ रही थीं। लेकिन रविवार की रात जब विक्रम अपनी दुल्हनिया प्रियंका को बुलेट पर लेकर गांव पहुंचे, तो उन पर ताने कसने वाले भी अब उनकी जोड़ी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। पूरे गांव ने नाच-गाकर और मिठाइयां बांटकर इस नवविवाहित जोड़े का स्वागत किया।
भाइयों के लिए कुर्बान किया था अपना रिश्ता
विक्रम के पिता दर्शन लाल बताते हैं कि उनके बेटे के लिए रिश्ते तो पहले भी आए थे, लेकिन विक्रम के मन में अपने बड़े भाइयों और बहनों के प्रति अगाध सम्मान था। वह चाहता था कि परंपरा के अनुसार पहले बड़े भाई-बहनों के हाथ पीले हों, उसके बाद ही वह सहरा सजाएगा। इस फैसले की वजह से एक समय ऐसा भी आया जब हाइट के चलते रिश्ते मिलने बंद हो गए और परिवार को चिंता सताने लगी। आखिरकार रिश्तेदारों की मदद से जींद के गांव हाट में प्रियंका का पता चला, जिसकी हाइट भी विक्रम के बराबर थी। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद यह शादी धूमधाम से संपन्न हुई।
जागरण मंडली की शान हैं विक्रम
विक्रम केवल अपनी शादी को लेकर ही चर्चा में नहीं हैं, बल्कि वे अपनी कला के लिए भी मशहूर हैं। वे पिछले काफी समय से एक जागरण मंडली में काम करते हैं और अपनी गायकी व प्रस्तुति से लोगों का दिल जीतते आए हैं। विक्रम कहते हैं, “लोग मुझे बौना कहते थे, लेकिन मैंने कभी बुरा नहीं माना। मैं इसे ग्रामीणों का प्यार समझता हूं। आज भगवान ने मेरी जोड़ी बना दी है और मैं बहुत खुश हूं।” वहीं पिता दर्शन लाल की आंखों में खुशी के आंसू हैं, उनका कहना है कि आज बेटे का घर बस गया है और बहू के रूप में घर में लक्ष्मी आई है।

