August 8, 2026

Haryana Weather: हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, गुरुग्राम-हिसार समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

0
Haryana Weather: हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, गुरुग्राम-हिसार समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में गुरुग्राम-हिसार समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Haryana Weather: हरियाणा में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में लौट आया है। शनिवार सुबह से ही हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद और सिरसा के डबवाली में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जबकि पानीपत समेत आसपास के इलाकों में काले बादलों का डेरा है। मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र ने आज पूरे प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी करते हुए गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा 8 अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट और पंचकुला में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

गुरुग्राम में खौफनाक हादसा, फरीदाबाद में जलभराव से हाहाकार

बीते दिन शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने साइबर सिटी गुरुग्राम और औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। गुरुग्राम के DLF फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल में बारिश के दौरान एक दीवार भरभराकर ढह गई। इस हादसे की चपेट में आने से मरम्मत का काम कर रहे दो मजदूरों दयानंद (45) और सूरज (35) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर गांव के रहने वाले थे।

उधर, फरीदाबाद के ओल्ड रेलवे अंडरपास में करीब 25 से 30 फीट तक पानी भर गया, जिससे वहां से गुजर रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पूरी तरह डूब गई। कार चला रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग पानी में फंस गए, जिन्हें एक स्थानीय युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला। गंभीर स्थिति में बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा धनवापुर रोड स्थित फुटप्रिंट्स स्कूल में फंसे बच्चों और शिक्षकों को नगर निगम (MCG) की टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द किया।

तापमान में भारी गिरावट, बिजली निगम ने जारी की एडवाइजरी

लगातार हो रही बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण प्रदेश में दिन का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। शुक्रवार को गुरुग्राम में सबसे अधिक 67.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे वहां तापमान गिरकर 26.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। भिवानी में 48 मिमी और चरखी दादरी में 38 मिमी पानी बरसा।

बारिश के कारण हादसों की आशंका को देखते हुए बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने आम जनता से पानी भरे इलाकों में बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की अपील की है। आपात स्थिति के लिए बिजली निगम ने हेल्पलाइन नंबर 1912 और वॉट्सऐप नंबर 9050960500 जारी किया है।

यह भी पढ़ें– पंजाब में 12 अगस्त तक बारिश का अलर्ट, चंडीगढ़ का पारा सामान्य से नीचे, बठिंडा सबसे गर्म

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed