Haryana Weather: हरियाणा में आज 12 जिलों में झमाझम बारिश के आसार, जानें आपके शहर का हाल
हरियाणा में आज 12 जिलों में झमाझम बारिश के आसार
Haryana Weather: जींद और पानीपत समेत हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में सोमवार तड़के से शुरू हुई बारिश ने पूरे प्रदेश के मिजाज को बदल दिया है। अंबाला, सोनीपत, करनाल और जींद में सुबह से कभी रुक-रुक कर तो कभी तेज बौछारें पड़ रही हैं। इस अचानक हुई बारिश से एक तरफ जहां पारा नीचे लुढ़का है और लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है, वहीं दूसरी तरफ जींद के अर्बन एस्टेट में जाट धर्मशाला के आसपास की सड़कों और गलियों में पानी भर गया।
खुले में पड़ी धान की फसल पर बारिश की मार
इस बारिश ने सबसे ज्यादा मार मंडियों में अपनी फसल बेचने पहुंचे किसानों पर मारी है। पानीपत की नई अनाज मंडी में पिछले कुछ दिनों से आवक तेज थी, जिसके चलते लाखों क्विंटल धान की फसल खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई थी। सोमवार सुबह हुई अचानक बारिश से मंडी में रखी पूरी फसल भीग गई। समय पर तिरपाल और ढकने के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण मंडी परिसर में पानी भर गया, जिससे धान के खराब होने का खतरा मंडराने लगा है।
12 जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के करीब 12 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक पंचकूला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के पूरे आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बन रही इस व्यवस्था का असर अगले 24 घंटों तक देखने को मिल सकता है।
तापमान में आई गिरावट, 3 डिग्री कम दर्ज हुआ पारा
लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही के चलते सूबे का अधिकतम तापमान भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार रविवार को भले ही औसतन तापमान में कोई बड़ा फेरबदल न हुआ हो, लेकिन यह सामान्य दर्ज किए जाने वाले तापमान से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया, जबकि बालसमंद में 34.1 और सिरसा में पारा 34 डिग्री पर अटका रहा।
यह भी पढ़ें– पंजाब में मानसून की विदाई के बीच बारिश का अलर्ट, बठिंडा सबसे गर्म; चंडीगढ़ में छाएंगे बादल
