Haryana Weather: हरियाणा में अक्टूबर के मध्य में ही मौसम का रुख पूरी तरह बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। बारिश की वजह से दिन के तापमान में अचानक भारी गिरावट देखने को मिली, जिससे लोगों को दिन में भी ठंडक का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के आंकड़ों के मुताबिक, बीते दिन 15 अक्टूबर को राज्य का औसत अधिकतम तापमान महज 24 घंटों के भीतर 5.3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। फिलहाल अधिकतम पारा सामान्य से करीब 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है।
बावल रहा सबसे गर्म, करनाल में गिरा पारा
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रेवाड़ी जिले के बावल में दर्ज किया गया, जहां पारा 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पलवल में 31.4 डिग्री, फरीदाबाद में 31 डिग्री और गुरुग्राम में तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके उलट करनाल, हिसार और अंबाला जैसे जिलों में पारे में भारी गिरावट आई। करनाल में अधिकतम तापमान गिरकर महज 23.5 डिग्री और हिसार में 25.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रोहतक, सिरसा, जींद और भिवानी में भी दिन भर बादलों का डेरा रहा और पारा 26 से 29 डिग्री के बीच सिमट गया।
इन 10 जिलों में आज भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 16 अक्टूबर को प्रदेश के लगभग आधे हिस्से में मौसम खराब रहेगा। यमुनानगर, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम और पानीपत सहित 9 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
आकाशीय बिजली से सावधान रहने की हिदायत
मौसम के अचानक बिगड़े मिजाज को देखते हुए आपदा प्रबंधन और मौसम विशेषज्ञों ने आम जनता को सतर्क रहने को कहा है। बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान लोगों को खुले मैदानों, जलभराव वाले इलाकों और बड़े पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी गई है। विभाग का मानना है कि इस बारिश के बाद आने वाले दिनों में प्रदेश में रात के तापमान में भी और गिरावट दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें– पंजाब के 3 जिलों में आज बारिश और गरज-चमक के आसार, चंडीगढ़ में भी छाए रहेंगे बादल

