Monday, Jan 12, 2026

बागेश्वर वाले बाबा की यात्रा का हरियाणा में तीसरा दिन: पलवल जिले में होगा रात्रि विश्राम


196 views

चंडीगढ़: बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज यानी सोमवार को हरियाणा में तीसरा दिन है। यह यात्रा सुबह 8 बजे फरीदाबाद के सीकरी गांव से शुरू हुई। इसमें मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ शामिल हुए। थोड़ी देर पहले यात्रा पृथला गांव में सड़क किनारे रुकी, जहां धीरेंद्र शास्त्री ने सड़क पर बैठकर चाय पी। इसके बाद यात्रा पलवल जिले में प्रवेश कर गई है, जहां पलवल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रात्रि विश्राम होगा। कल रात को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सीकरी गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की।


उधर, पदयात्रा के दूसरे दिन धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि हिंदुओं भारतीय सेना को पैसा दान करो, जिससे ज्यादा से ज्यादा गोला-बारूद आ सके और पाकिस्तान को उड़ाया जा सके। उन्होंने कहा था कि देश में क्रांति होने वाली है, धर्म विरोधी ताकतें देश को बर्बाद कर रही हैं। वहीं मौलाना साजिद रशीदी पर प्रतिक्रिया देते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि “इस देश में हर किसी को यात्रा निकालने का हक है, वो भी यात्रा निकालें। लेकिन कल हमने अपनी यात्रा देश की सेना को समर्पित की थी और सेना के लिए दान देने की अपील की थी। आज की हमारी यात्रा संत-गुरुओं और सिख गुरु तेज बहादुर को समर्पित है। अगर वे इन दोनों यात्राओं का अंतर समझते हैं, तो वे भी अपनी यात्रा निकालें।”


मौलाना साजिद रशीदी ने बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधते हुए कहा था- “ये लोग हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, कल को अगर साजिद रशीदी मुस्लिम राष्ट्र के लिए यात्रा निकालें तो मेरे खिलाफ केस हो जाएंगे। सिमी को भी इसलिए बैन किया गया क्योंकि वह मुस्लिम राष्ट्र चाहते थे। जो कथावाचक 15-20 लाख रुपए लेकर कथा सुनाता हो, वह धार्मिक कैसे हो सकता है?”

author

Vinita Kohli

बागेश्वर वाले बाबा की यात्रा का हरियाणा में तीसरा दिन: पलवल जिले में होगा रात्रि विश्राम

Please Login to comment in the post!

you may also like