September 26, 2026

चंडीगढ़ हेड कॉन्स्टेबल हत्याकांड: पिता से जल्दी शादी और 10 लाख रुपए मांगे, दोनों ने मना किया तो बेटे ने तड़के गोली मार दी

0
चंडीगढ़ हेड कॉन्स्टेबल हत्याकांड: पिता से जल्दी शादी और 10 लाख रुपए मांगे, दोनों ने मना किया तो बेटे ने तड़के गोली मार दी

पिता की हत्या करने के आरोपी बेटे को ले जाती पुलिस

Head Constable Murder Case: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कॉन्स्टेबल पिता की हत्या के मामले में पुलिस जांच में वारदात की पूरी कड़ी सामने आ रही है। चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नितिन (42) की गुरुवार तड़के घर में सोते समय सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में उनके इकलौते बेटे अरमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 18 साल से अधिक उम्र का अरमान जल्द शादी करना चाहता था। बुधवार रात उसने पिता नितिन से शादी कराने की बात कही, लेकिन नितिन ने उसे 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद शादी करने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों में बहस शुरू हुई। इसी दौरान अरमान ने कारोबार शुरू करने के लिए पिता से 10 लाख रुपए भी मांगे। वह सेकेंड हैंड गाड़ियों का कारोबार शुरू करना चाहता था, लेकिन नितिन ने पैसे देने से इनकार कर दिया। शादी जल्दी कराने और कारोबार के लिए पैसे देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई तक हुई।

 

 

मां ने दोनों को अलग किया, लेकिन अरमान का गुस्सा शांत नहीं हुआ

विवाद बढ़ने पर नितिन की पत्नी मोनिका बीच में आईं और दोनों को अलग किया। इसके बाद पिता और बेटा अपने-अपने कमरे में चले गए, लेकिन पुलिस जांच के अनुसार अरमान का गुस्सा शांत नहीं हुआ था। पुलिस का दावा है कि अरमान ने पहले ही देसी कट्टा खरीद रखा था। उसने मोबाइल में सुबह 4 बजे का अलार्म लगाया था। इसके बाद वह तड़के उठा और घर की कुछ लाइटें बंद कर दीं। उस समय नितिन अपने कमरे में बेड पर सो रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अरमान ने देसी कट्टा निकालकर सोते हुए पिता के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रही मोनिका वहां पहुंचीं। उन्होंने शोर मचाया तो अरमान ने कथित तौर पर उनका गला दबाने की कोशिश की। मोनिका किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर घर से बाहर आ गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। करीब 15 मिनट में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल नितिन को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

 

हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

वारदात के बाद अरमान घर से फरार नहीं हुआ। पुलिस ने जब उससे पूछताछ शुरू की तो उसने बताया कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया था और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया। पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। पूछताछ आगे बढ़ी तो अरमान के बयान बदलने लगे और उनमें विरोधाभास सामने आया। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर अरमान ने पिता की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।

हेड कॉन्स्टेबल नितिन के चचेरे भाई दिनेश के मुताबिक, अरमान जीरकपुर की रहने वाली एक लड़की से शादी करना चाहता था। रविवार को ही नितिन ने बेटे की उस लड़की के साथ सगाई कराई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अरमान उस लड़की के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। परिवार और पुलिस के सामने इस रिश्ते से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। सेक्टर-17 थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि अरमान लड़की से जल्दी शादी करना चाहता था। नितिन ने उसे 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद शादी करने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

 

 

पुलिस हेडक्वार्टर में तैनात थे नितिन

हेड कॉन्स्टेबल नितिन चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित पुलिस हेडक्वार्टर की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे। वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-22 में रहते थे। नितिन मूल रूप से पंचकूला के खटोली गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी मोनिका भी चंडीगढ़ पुलिस में ASI हैं और पुलिस हेडक्वार्टर के मोडस ऑपरेंडी ब्यूरो में तैनात हैं। नितिन और मोनिका का इकलौता बेटा अरमान 12वीं तक पढ़ा है। नितिन भी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके चचेरे भाई दिनेश ने यह जानकारी दी है।

मोनिका की शिकायत पर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अरमान देसी कट्टा कहां से लेकर आया था और उसने इसे कब खरीदा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में अरमान के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी अरमान को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed