September 22, 2026

Health Tips: सुबह उठते ही होता है सिरदर्द और चिड़चिड़ापन? जानिए आपकी नींद में छिपी है असली वजह

0
Health Tips: सुबह उठते ही होता है सिरदर्द और चिड़चिड़ापन? जानिए आपकी नींद में छिपी है असली वजह

सुबह उठते ही होता है सिरदर्द और चिड़चिड़ापन? जानिए आपकी नींद में छिपी है असली वजह

Health Tips: क्या आप भी सुबह उठते ही सिर में भारीपन या दर्द महसूस करते हैं? क्या बिना किसी ठोस वजह के आपको छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा या चिड़चिड़ापन आने लगता है? अगर ऐसा कभी-कभार होता है तो चिंता की बात नहीं, लेकिन यदि यह परेशानी रोजमर्रा का हिस्सा बन चुकी है, तो आपको अपनी नींद के पैटर्न पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो सुबह की यह बेचैनी और सुस्ती रात में खराब या अधूरी नींद का सीधा दुष्परिणाम हो सकती है।

दिनचर्या और स्क्रीन टाइम ने बिगाड़ा नींद का चक्र

शारदाकेयर हेल्थसिटी के न्यूरोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर डॉ. अतमप्रीत सिंह के अनुसार, आधुनिक जीवनशैली में देर रात तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल, काम के चलते देर से सोना और रोज अलग-अलग समय पर बिस्तर पर जाना बेहद आम हो गया है। इन आदतों के चलते शरीर का नेचुरल स्लीप साइकिल (जैविक घड़ी) पूरी तरह प्रभावित होता है। नतीजतन, 7-8 घंटे बिस्तर पर बिताने के बाद भी दिमाग और शरीर को वह गहरा आराम नहीं मिल पाता जिसकी उन्हें आवश्यकता होती है।

सुबह का सिरदर्द और खर्राटे हो सकते हैं बीमारी का संकेत

चिकित्सकों का कहना है कि सुबह उठने के बाद थकान महसूस होना, काम में मन न लगना और चिड़चिड़ापन आना शुरुआती लक्षण हैं। लेकिन अगर इसके साथ रात में बहुत तेज खर्राटे आते हों, नींद में सांस अचानक रुकती या उखड़ती महसूस होती हो, या बार-बार आंख खुलती हो, तो यह ‘स्लीप डिसऑर्डर’ (जैसे स्लीप एप्निया) का संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षणों को केवल सामान्य थकान मानकर लंबे समय तक नजरअंदाज करना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

मिथक है केवल ज्यादा घंटे सोना, जानिए कैसे सुधारें नींद की गुणवत्ता

अक्सर लोग मानते हैं कि 8-9 घंटे सो लेने से नींद पूरी हो जाती है, जबकि विशेषज्ञ इसे एक मिथक मानते हैं। नींद की गुणवत्ता (क्वालिटी) इस बात पर निर्भर करती है कि वह कितनी सुकून भरी और निर्बाध है। सोते समय ही हमारा दिमाग दिनभर की थकान मिटाता है और यादों को प्रोसेस करता है। नींद में लगातार खलल पड़ने से आगे चलकर याददाश्त कमजोर होने और डिप्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। नींद बेहतर करने के लिए रोज सोने-उठने का एक समय तय करें, सोने से कम से कम एक घंटे पहले स्क्रीन से दूरी बनाएं और रात में चाय-कॉफी के सेवन से बचें। यदि समस्या फिर भी बनी रहे, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें– सेहत का खजाना है हरी इलायची! जानिए कैसे रखती है आपके दिल और दांतों को सेहतमंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed