हमीरपुर: हमीरपुर जिले के भोटा कस्बे में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक मिठाई की दुकान के भीतर एलपीजी सिलेंडर फटने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब दुकान मालिक पुरूषोत्तम चंद अपनी दुकान खोलने पहुंचे और अंदर आग की लपटें उठती देखीं। शटर खोलने के प्रयास के दौरान तेज विस्फोट हुआ, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा और तीनों लोग आग की चपेट में आ गए।
आग की लपटें देख जुटे स्थानीय लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुरूषोत्तम चंद सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने शटर के भीतर से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने शटर उठाने की कोशिश की, लेकिन गर्मी के कारण इसे खोलना मुश्किल हो रहा था। शोर सुनकर पास की किराना दुकान चलाने वाले कमलेश कुमार और दूध आपूर्तिकर्ता राकेश कुमार मौके पर पहुंचे।
शटर उठाते ही हुआ विस्फोट
तीनों ने मिलकर शटर उठाने का प्रयास किया। इसी दौरान दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
70 प्रतिशत तक झुलसे दुकानदार
हादसे में पुरूषोत्तम चंद लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस गए, जबकि कमलेश और राकेश भी गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
एम्स बिलासपुर रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद पुरूषोत्तम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। इस हादसे में दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

