Hisar News: हरियाणा के हिसार में बुजुर्ग दंपती ने खाया सल्फास, मरते दम तक थामे रखा एक-दूसरे का हाथ

हरियाणा के हिसार में बुजुर्ग दंपती ने खाया सल्फास, मरते दम तक थामे रखा एक-दूसरे का हाथ
Hisar News: हरियाणा के हिसार जिले में दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। अग्ररोहा थाना क्षेत्र के असरावा गांव में रीढ़ की हड्डी के भयंकर दर्द और बीमारियों से जूझ रहे एक बुजुर्ग दंपती ने सल्फास खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। गुरुवार सुबह जब एक स्थानीय किसान अपने खेत पर पहुंचा, तो उसने पड़ोसी उमेद सिंह के खेत में दो शव पड़े देखे। पास जाकर देखने पर पता चला कि मृतक गांव के ही आत्माराम (पुत्र संतलाल) और उनकी पत्नी बसकोरी देवी हैं।
एक-दूसरे का हाथ थामे दुनिया से रुखसत हुए पति-पत्नी
सुबह खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सबसे मार्मिक बात यह रही कि मौत के आगोश में समाते वक्त भी दोनों पति-पत्नी अगल-बगल लेटे हुए थे और दोनों के हाथ एक-दूसरे की उंगलियों में जकड़े हुए थे। सूचना मिलते ही अग्ररोहा थाना पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया गया।
कमरे में मिला 6 पन्नों का सुसाइड नोट, लिखा- ‘दर्द अब सहा नहीं जाता’
मृतक दंपती के बेटे प्रदीप कुमार ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसके पिता 12 अगस्त की शाम तक गांव में टेंट की दुकान पर मौजूद थे। इसके बाद वे ढाणी में अपनी पत्नी के पास चले गए। 13 अगस्त की सुबह जब परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, तो घर के कमरे से छह पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। दोनों के हस्ताक्षरों वाले इस नोट में लिखा था कि वे दोनों रीढ़ की हड्डी के असहनीय दर्द और बीमारियों से तंग आ चुके हैं, इसलिए अपनी मर्जी से सल्फास खाकर जान दे रहे हैं। इसमें किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया था।
साल भर से मानसिक तनाव में था परिवार
बेटे प्रदीप के मुताबिक, करीब एक साल पहले हिसार के सर्वेश अस्पताल में उसकी मां बसकोरी देवी की रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद भी दर्द कम नहीं हुआ, जिससे वह लगातार मानसिक और शारीरिक परेशानी झेल रही थीं। वहीं हाल के दिनों में पिता आत्माराम को भी रीढ़ की हड्डी में तेज दर्द रहने लगा था। खुद की बीमारी और पत्नी की बेबसी देखकर पिता भी भीतर से टूट चुके थे।
पुलिस कर रही सुसाइड नोट की लिखावट की जांच
अग्ररोहा थाना पुलिस ने परिजनों के बयानों और परिस्थितियों के आधार पर रोजनामचा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि परिवार ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने या किसी पर शक जताने से इनकार किया है, फिर भी पुलिस एहतियातन सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स से जांच करा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नोट दंपती का ही लिखा हुआ है या नहीं। साथ ही उनके मेडिकल रिकॉर्ड्स की भी तफ्तीश की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
