Hisar News: हिसार में जीवन कुंडू हत्याकांड पर बवाल, लांधड़ी टोल पर खापों का चक्का जाम, हाईवे पूरी तरह ठप

हिसार में जीवन कुंडू हत्याकांड पर बवाल, लांधड़ी टोल पर खापों का चक्का जाम, हाईवे पूरी तरह ठप
Hisar News: हरियाणा के हिसार जिले में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की नृशंस हत्या के बाद भड़का जनआक्रोश अब आर-पार की लड़ाई में बदल चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज खाप पंचायतों, किसान संगठनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को हिसार-सिरसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लांधड़ी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया।
सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिले के प्रमुख हाईवे और टोल प्लाजा पर यातायात पूरी तरह ठप रखा गया। हालांकि राहगीरों की सहूलियत को देखते हुए ग्रामीण और लिंक रूट्स को इस चक्का जाम से बाहर रखा गया था।
आईजी से बेनतीजा रही वार्ता, भारी पुलिस बल तैनात
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुरुवार शाम हिसार रेंज के आईजी रविंद्र तोमर ने न्याय समिति के साथ आपात बैठक की थी। पुलिस प्रशासन ने समिति को आश्वस्त किया कि 7 आरोपियों को पहले ही दबोचा जा चुका है और बाकी के पीछे टीमें लगी हैं।
इसके बावजूद समिति के सदस्य असंतुष्ट रहे और तय शेड्यूल के मुताबिक जाम लगाने के फैसले पर अड़े रहे। वहीं, किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने एक एएसपी, 3 डीएसपी और करीब 300 पुलिसकर्मियों को टोल नाकों पर तैनात किया है, जबकि रिजर्व कंपनी को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
भाजपा विधायक के रिश्तेदार पर आरोप, विधायक बोले- ‘सगा भाई भी होता तो पैरवी न करता’
इस हत्याकांड ने अब सियासी तूल भी पकड़ लिया है। धरना कमेटी के सदस्य सुरेश कोथ ने सीधा आरोप जड़ा कि मुख्य आरोपी उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार है और राजनीतिक संरक्षण की वजह से ही पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। आरोपों पर पलटवार करते हुए विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि आरोपी रमेश शर्मा उनके गांव कसूहन का 5वीं पीढ़ी का दूर का रिश्तेदार है, जो 35 साल पहले ही हिसार शिफ्ट हो गया था। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में उनका सगा भाई या बेटा भी होता, तो वे उसकी पैरवी नहीं करते और उनके परिवार में अपराधियों को बचाने के संस्कार नहीं हैं।
मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम, देश छोड़कर भागने से रोकने को लुकआउट नोटिस
हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्य षड्यंत्रकारी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
