कैथल। हरियाणा के कैथल शहर में बेखौफ चोरों ने बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। खनौरी रोड स्थित अर्जुन नगर में चोरों ने एक सूने घर से करीब 8 लाख रुपये की कीमत के सोने व चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस वक्त अंजाम दी गई जब मकान मालिक अपने पूरे परिवार के साथ उत्तरखंड के हरिद्वार में गंगा स्नान और घूमने के लिए गए हुए थे। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से इस पूरी चोरी को अंजाम दिया।
रात को लौटे तो खुला मिला मेन गेट, अंदर का नजारा देख उड़े होश
शहर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में अर्जुन नगर निवासी मदन लाल ने बताया कि वे कुछ दिन पहले अपने किराए के मकान में अच्छी तरह से ताले जड़कर परिवार समेत बाहर गए थे। बीती रात करीब 11:30 बजे जब पूरा परिवार सफर से थका-हारा घर वापस लौटा, तो गली में पहुंचते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का मुख्य लोहे का गेट पहले से ही खुला हुआ था। जब वे अंदर दाखिल हुए तो देखा कि सभी कमरों के ताले कटर या भारी औजार से काटे गए थे।
गुल्लक से लेकर अलमारी तक सब साफ, इन सामानों पर किया हाथ साफ
पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने बेडरूम में रखी अलमारियों के लॉकर कूट दिए थे और कीमती सामान की तलाश में पूरे घर का कोना-कोना छान मारा था। चोरों ने घर से दो जोड़ी सोने के टॉप्स, सवा तोले की सोने की चेन, नाक की दो नथली और कोका, एक चांदी का कड़ा, चार जोड़ी पाजेब, एक अंगूठी, सोने-चांदी के सिक्के और यहां तक कि बच्चों की गुल्लक में जमा पैसे भी नहीं छोड़े। कुल मिलाकर परिवार को करीब साढ़े दस लाख रुपये का भारी-भरकम नुकसान हुआ है। पीड़ित मदन लाल ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और पाई-पाई बरामद करने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, नाकेबंदी कर सुराग तलाशने का दावा
वारदात की सूचना मिलते ही शहर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शहर थाना के जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि मदन लाल की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम कॉलोनी के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। अधिकारी का दावा है कि जल्द ही चोरों के इस गिरोह को बेनकाब कर दिया जाएगा।

