August 2, 2026

Indias Got Latent 2: समय रैना के शो में आलिया भट्ट का बड़ा रोस्ट: ‘जिगरा’ के फ्लॉप होने पर कॉमेडियन ने मारा ऐसा ताना कि रुक गई सांसें

0
Indias Got Latent 2: समय रैना के शो में आलिया भट्ट का बड़ा रोस्ट: 'जिगरा' के फ्लॉप होने पर कॉमेडियन ने मारा ऐसा ताना कि रुक गई सांसें

Indias Got Latent 2: समय रैना के शो में आलिया भट्ट का बड़ा रोस्ट: 'जिगरा' के फ्लॉप होने पर कॉमेडियन ने मारा ऐसा ताना कि रुक गई सांसें

Indias Got Latent 2: डिजिटल स्पेस में अपनी बेलौस और कभी-कभी हदें पार कर जाने वाली कॉमेडी के लिए मशहूर समय रैना इन दिनों अपने शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन को लेकर सुर्खियों के शीर्ष पर हैं। इस शो का ताजा एपिसोड किसी कल्ट सिनेमाई थ्रिलर से कम नहीं रहा, जिसमें ग्लैमर, तीखे तंज, इमोशनल ड्रामे से लेकर एक बड़ा वैश्विक विवाद तक सबकुछ देखने को मिला। शो के इस खास हिस्से में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अपनी आगामी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के सिलसिले में बतौर जज शरीक होने पहुंची थीं, लेकिन उन्हें शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि समय रैना के इस मंच पर मेहमानों की आवभगत किस अंदाज में की जाती है।

“जिगरा देखने के बाद मुझे भी ऐसा ही लगा था…”

शो की शुरुआत हमेशा की तरह हल्की-फुल्की नोकझोंक से हुई। समय रैना ने हैरत जताते हुए कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि आलिया भट्ट जैसी ए-लिस्ट स्टार उनके शो के पैनल पर बैठी हैं। इस पर आलिया ने हंसते हुए पलटवार किया, “मुझे तो अब लग रहा है कि इस पैनल का हिस्सा बनकर मैंने बहुत बड़ी गलती कर दी है।”

बस फिर क्या था, समय ने बिना एक पल गंवाए इस गेंद पर बाउंड्री मारते हुए कहा, “मुझे भी फिल्म ‘जिगरा’ देखने के बाद बिल्कुल ऐसा ही लगा था।”

आमतौर पर बॉलीवुड के बड़े सितारे अपनी फिल्मों की विफलता पर सार्वजनिक मंचों पर बात करने से कतराते हैं, लेकिन समय के इस ‘सॉलिड पंच’ पर न सिर्फ शरवरी वाघ बल्कि खुद आलिया भी लोटपोट हो गईं। आलिया ने खेल भावना दिखाते हुए जवाब दिया, “चलो, कम से कम तुमने फिल्म देखी तो सही!” इसके बाद समय ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में आलिया के लुक और स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान के शो में उनके अपीयरेंस को लेकर इंटरनेट पर हुई भारी ट्रोलिंग पर भी चुटकियां लीं। इसी दौरान जिंदगी और करियर के उतार-चढ़ाव पर बात करते हुए आलिया एक पल के लिए काफी भावुक भी दिखीं।

तेल, डोनाल्ड ट्रंप और एप्स्टीन आइलैंड: क्यों भड़के नेटिजन्स?

बात सिर्फ आलिया की ट्रोलिंग या फिल्म के मजाक तक सीमित रहती तो शायद यह एपिसोड सिर्फ मनोरंजन की श्रेणी में रहता, लेकिन विवाद तब बढ़ गया जब कंटेस्टेंट और कॉमेडियन अविनाश अग्रवाल ने मंच पर दस्तक दी। अविनाश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गेटअप और आवाज में मिमिक्री कर रहे थे। एक्ट के दौरान जब होस्ट समय रैना ने मजाक में उनसे पूछा कि क्या उन्हें थोड़ा ‘ऑयल’ (तेल) मिल सकता है, तो ट्रंप के किरदार में अविनाश ने जवाब दिया, “मेरे दोस्त, आइलैंड (द्वीप) पर आ जाओ, वहां बहुत सारा तेल है।”

इस वन-लाइनर ने देखते ही देखते इंटरनेट का पारा बढ़ा दिया। दरअसल, इस जोक का सीधा इशारा अमेरिका के कुख्यात और दिवंगत अरबपति जेफ्री एप्स्टीन के उस निजी द्वीप (एप्स्टीन आइलैंड) की तरफ था, जो नाबालिगों के यौन शोषण और अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के काले साम्राज्य का केंद्र माना जाता था।

सोशल मीडिया पर एक बड़ा धड़ा समय रैना और अविनाश अग्रवाल की इस बात को लेकर आलोचना कर रहे हैं कि इतने संवेदनशील और घिनौने वैश्विक अपराध को कॉमेडी का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए था। वहीं, समय रैना के पारंपरिक प्रशंसक इसे उनका सिग्नेचर ‘डार्क ह्यूमर’ बताकर उनका बचाव कर रहे हैं। बहरहाल, व्यूज और विवादों के मामले में इस एपिसोड ने इंटरनेट के सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed