Jalandhar Amit Shah Rally Bomb Threat : अमित शाह की जालंधर रैली से पहले आईईडी और बम से उड़ाने की धमकी
अमित शाह की जालंधर रैली से पहले आईईडी और बम से उड़ाने की धमकी
Jalandhar Amit Shah Rally Bomb Threat : पंजाब के दोआबा क्षेत्र की राजनीतिक फिजा में उस वक्त अचानक सनसनी फैल गई, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर आगमन से महज कुछ घंटे पहले एक धमकी भरा ई-मेल पुलिस और प्रशासनिक महकमे तक पहुंचा। बुधवार सुबह 7:07 बजे आए इस ई-मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। ई-मेल में अमित शाह की रैली के मंच से लेकर शहर की कई प्रमुख सार्वजनिक इमारतों को बारूद से उड़ाने की खौफनाक चेतावनी दी गई है।
मंच के नीचे IED का दावा और सिलसिलेवार धमाकों का समय तय
धमकी देने वालों ने जालंधर के प्रमुख स्थानों में सिलसिलेवार विस्फोट करने की समय सारिणी जारी की है। ई-मेल के मुताबिक, सुबह 11:11 बजे स्कूलों में, दोपहर 12:11 बजे प्रसिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर में, दोपहर 2:11 बजे कचहरी परिसर में और 3:11 बजे एक कार्यालय में धमाके किए जाएंगे।
इसके अलावा अमित शाह के मुख्य मंच के नीचे आईईडी लगाने और समर्थकों को लाने वाली दो हजार बसों में से दो-तीन बसों में बम होने की बात कही गई है। ई-मेल के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)’ समेत 4 लोगों के नाम लिखे मिले हैं।
शक्तिपीठ मंदिर में टेकेंगे माथा, संत समाज से करेंगे चर्चा
धमकियों और कड़ी सुरक्षा के बीच गृह मंत्री अमित शाह का तय कार्यक्रम जारी है। वह दोपहर करीब साढ़े बारह बजे शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मां त्रिपुल मालिनी मंदिर पहुंचेंगे। वहां करीब आधा घंटा रुककर वह माता के दरबार में नतमस्तक होंगे और स्थानीय संत समाज के प्रमुख संतों से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह परागपुर में स्थित रैली स्थल के लिए रवाना होंगे, जहां दोआबा की 23 विधानसभा सीटों को साधने के लिए विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है।
नशा मुक्त पंजाब यात्रा का होगा समापन, 2027 चुनाव को लेकर लग रही अटकलें
परागपुर में जालंधर-लुधियाना हाईवे के पास 35 एकड़ में भव्य पंडाल सजाया गया है, जहां 25 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। इस रैली के जरिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 18 सितंबर 2026 को माधोपुर (पठानकोट) से शुरू की गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का औपचारिक समापन होगा। लगभग 4,000 किलोमीटर का सफर तय कर सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी इस यात्रा के समापन अवसर पर अमित शाह वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर कोई बड़ा राजनीतिक रोडमैप घोषित कर सकते हैं।
दो हेलीपैड तैयार, चप्पे-चप्पे पर स्निफर डॉग्स और बम निरोधक दस्ते
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए दो अलग-अलग हेलीपैड तैयार किए गए हैं। पहला हेलीपैड मंदिर के पास लभू राम दोआबा स्कूल के मैदान में और दूसरा हेलीपैड सीधे परागपुर रैली स्थल के पास बना है। पूर्व विधायक केडी भंडारी और भाजपा नेताओं के अनुसार यह दौरा पंजाब भाजपा में नए प्राण फूंकने का काम करेगा। पुलिस की विशेष टीमें, बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियां ई-मेल के स्रोत को खंगालने में जुटी हैं, जबकि पूरे जालंधर में अभेद्य घेराबंदी कर दी गई है।
