Jalandhar Double Murder Case: जालंधर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, पिता और पत्नी की हत्या, बैट-जग से किए कई वार

जालंधर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी
Jalandhar Double Murder Case: जालंधर के अवतार नगर में घरेलू विवाद के बाद एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय हीरा लाल पर अपने 65 वर्षीय पिता अयोध्या प्रकाश और 38 वर्षीय पत्नी सरिता की हत्या करने का आरोप है। दोनों पर घर में मौजूद क्रिकेट बैट और जग से कई वार किए गए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
बताया गया है कि आरोपी के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 से 15 साल के बीच है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चारों बच्चे स्कूल चले गए थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे घर लौटे और दरवाजा खोला तो अंदर मां और दादा के शव देखकर चीखने लगे।
स्कूल से लौटे बच्चों ने देखे मां–दादा के शव
बच्चों के रोने और शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने घर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।
शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों मृतकों के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर बैट और जग से वार किए गए।
बैट और जग से किए गए कई वार
पुलिस की शुरुआती जांच में घर में मौजूद क्रिकेट बैट और जग को वारदात में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। दोनों शवों पर चोट के निशान मिले हैं।
घटना के समय आरोपी की बुजुर्ग मां भी घर में मौजूद थीं। वह ऊपर के कमरे में थीं और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण नीचे नहीं आईं। पुलिस के मुताबिक, वह सुरक्षित मिली हैं।
नशे के लिए पैसे मांगने की बात, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
परिजनों के अनुसार, आरोपी नशे का आदी था और नशे के लिए पिता से पैसे मांगता था। शुरुआती जानकारी में यह भी कहा गया कि पत्नी ने पिता से पैसे देने से मना किया था, जिसके बाद विवाद हुआ और हत्या की गई।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल आरोपी के नशे का आदी होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर में विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या की वास्तविक वजह क्या थी। इस संबंध में स्पष्ट जानकारी आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद सामने आ सकती है।
परिवार करीब 30 साल से अवतार नगर में रह रहा
पुलिस के अनुसार, परिवार मूल रूप से प्रवासी है और करीब 30 साल से जालंधर के अवतार नगर में रह रहा है। परिवार का यहां अपना मकान है।
वारदात के बाद आरोपी के फरार होने से पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। मौके पर एडीसीपी-2 राकेश यादव, एसीपी आतिश भाटिया और एसएचओ जयइंद्र सिंह पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी की तलाश
एडीसीपी-2 राकेश यादव के अनुसार, घटना के बाद आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होने की उम्मीद है।
वॉशिंग मशीन में शव मिलने की बात गलत
सोशल मीडिया पर महिला का शव वॉशिंग मशीन के अंदर होने की बात भी सामने आई थी। पुलिस ने इस दावे को गलत बताया है।
पुलिस के अनुसार, महिला का शव वॉशिंग मशीन के पास पड़ा था, उसके अंदर नहीं। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
