Jalandhar News: जालंधर में नशा तस्करी को लेकर हंगामा, पुलिस ने घर की तलाशी ली, एक युवक राउंडअप

जालंधर में नशा तस्करी को लेकर हंगामा
Jalandhar News: पंजाब में जालंधर जिले के हरदयाल नगर में नशा तस्करी के आरोप को लेकर गुरुवार को हंगामा हो गया। एक महिला ने पड़ोस के मकान मालिक पर अपने बेटे को नशा बेचने और उसका पीछा करने का आरोप लगाया। महिला के अनुसार, उसे बेटे के नशे की लत को लेकर पहले से चिंता थी। शक होने पर जब उसने बेटे का पीछा किया तो आरोपी के परिजनों ने उसे खींचकर घर के अंदर कर लिया और कमरे में बंद कर दिया।
पुलिस पहुंची तो संदिग्ध सामान गायब होने का आरोप
शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि युवक के हाथ में संदिग्ध सामान था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले उसे वहां से हटा दिया गया। महिला का कहना है कि उसके बेटे पर नशा बेचने या नए ग्राहक लाने का दबाव बनाया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपों की जांच के लिए संबंधित मकान की तलाशी भी ली, लेकिन मौके से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
मकान मालिक पर पहले से कई केस होने का दावा
महिला ने जिस मकान मालिक पर आरोप लगाए हैं, उसके खिलाफ पहले से करीब 14-15 मामले दर्ज होने का दावा किया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नशा तस्करी से जुड़े आरोपों को लेकर वर्ष 2025 और 2026 में नगर निगम तथा पंजाब पुलिस ने इस मकान पर कार्रवाई भी की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान के एक हिस्से को बुलडोजर से तोड़ा गया था। हालांकि, महिला का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद तीन मंजिला इमारत में कथित अवैध गतिविधियां बंद नहीं हुईं।
आरोपी पक्ष ने आरोपों को बताया साजिश
दूसरी तरफ, आरोपी पक्ष ने महिला के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि परिवार के एक सदस्य को पहले ही जेल भेजा जा चुका है और हाल में हुई तोड़फोड़ नशा तस्करी के कारण नहीं, बल्कि निर्माण संबंधी विवाद की वजह से हुई थी। पुलिस की तलाशी के दौरान घर से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बिजली मीटर कटा था, कुंडी लगाकर बिजली जलाने का आरोप
कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर में बिजली चोरी का मामला भी सामने आया। जानकारी के मुताबिक, नशा तस्करी के मामले में पहले बिजली विभाग ने मकान का मीटर काट रखा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान घर में बिजली जलती मिली। जांच करने पर वहां से गुजर रही तार में कुंडी लगाकर बिजली इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। अब इस मामले में बिजली विभाग की कार्रवाई भी सामने आ सकती है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
हरदयाल नगर की घटना में फिलहाल नशा तस्करी के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। तलाशी में नशीला पदार्थ नहीं मिलने के बाद पुलिस शिकायत, CCTV और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। एक युवक को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
